जामताड़ा : प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के आवास प्लस 2024 सर्वेक्षण के तहत ग्राम सभा से अनुमोदित स्थायी प्रतीक्षा सूची में शामिल स्वीकृत एवं अस्वीकृत परिवारों की सूची सार्वजनिक की जायेगी. जिले के सभी प्रखंड एवं पंचायत कार्यालयों में सूची का प्रकाशन 15 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक किया जायेगा.
दावा-आपत्ति के लिए मिलेगी समय सीमा
ग्रामीण विकास विभाग के निर्देश के आलोक में अपीलीय समिति से अनुमोदन से पूर्व सूची को सार्वजनिक कर संबंधित परिवारों से आपत्ति एवं अपील प्राप्त की जायेगी. सूची में किसी परिवार के नाम अथवा पात्रता को लेकर आपत्ति होने पर संबंधित व्यक्ति साक्ष्य के साथ अपना लिखित दावा या आपत्ति संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) के कार्यालय में जमा कर सकते हैं.
30 सितंबर तक ही स्वीकार होगी आपत्ति
दावा-आपत्ति 15 से 30 सितंबर तक कार्यालय अवधि में स्वीकार की जायेगी. निर्धारित अवधि के बाद किसी भी प्रकार का दावा या आपत्ति स्वीकार नहीं की जायेगी.
साक्ष्य के साथ दावा दर्ज कराने की अपील
जिला प्रशासन ने संबंधित लोगों से सूची का अवलोकन कर निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक साक्ष्य के साथ दावा-आपत्ति दर्ज कराने की अपील की है.
