संवाददाता, जामताड़ा : प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत जिला एवं प्रखंड स्तर पर गठित प्रोग्राम मैनेजमेंट यूनिट (PMU) में रिक्त पदों पर संविदा आधारित नियुक्ति के लिए जिला ग्रामीण विकास शाखा ने विज्ञापन सूचना संख्या 01/2026 जारी की है. पूर्व में प्रकाशित विज्ञापन सूचना संख्या 01/2025 को अपरिहार्य कारणों से रद्द करते हुए नए सिरे से विज्ञापन जारी किया गया है.
जिला स्तर पर इन पदों पर होगी बहाली
जिला स्तर पर प्रशिक्षण समन्वयक के पद के लिए अधिकतम 45 वर्ष की आयु सीमा निर्धारित की गयी है. इस पद के लिए 35 हजार रुपये मासिक मानदेय मिलेगा. अभ्यर्थी के पास रूरल मैनेजमेंट, को-ऑपरेटिव मैनेजमेंट या सोशल वर्क में स्नातक तथा संबंधित विषय में पीजी/पीजीडीएम/एमबीए की योग्यता और तीन वर्ष का कार्यानुभव होना आवश्यक है.
वहीं, जिला स्तर पर लेखापाल-सह-कंप्यूटर ऑपरेटर के एक पद के लिए 18 से 30 वर्ष आयु सीमा निर्धारित है. इस पद पर 15 हजार रुपये मासिक मानदेय मिलेगा. इसके लिए वाणिज्य विषय से इंटरमीडिएट, डीसीए, संबंधित क्षेत्र में एक वर्ष का अनुभव तथा हिंदी-अंग्रेजी टंकण दक्षता अनिवार्य है.
प्रखंड स्तर पर भी रिक्त पद
प्रखंड स्तर पर प्रखंड समन्वयक के चार पदों के लिए अधिकतम आयु 45 वर्ष और 18 हजार रुपये मासिक मानदेय निर्धारित किया गया है.
वहीं, लेखापाल-सह-कंप्यूटर ऑपरेटर के पांच पदों के लिए 18 से 30 वर्ष आयु सीमा और 10 हजार रुपये मासिक मानदेय निर्धारित है. इस पद के लिए वाणिज्य विषय से इंटरमीडिएट, डीसीए, छह माह का अनुभव और हिंदी-अंग्रेजी टंकण दक्षता अनिवार्य है.
1 जनवरी 2026 से होगी उम्र की गणना
जारी सूचना के अनुसार सभी पदों के लिए उम्र की गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर की जायेगी.
