संवाददाता, जामताड़ा : पी.एम. श्री केंद्रीय विद्यालय जामताड़ा में शनिवार को महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती और राष्ट्रीय खेल दिवस उत्साह व गरिमा के साथ मनाया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य प्रदीप कुमार गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर किया. उन्होंने विद्यार्थियों को खेलों के महत्व, अनुशासन, नियमित अभ्यास और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित किया.
मेजर ध्यानचंद के योगदान को किया याद
कार्यक्रम में कक्षा 8-बी की छात्रा प्रियदर्शिनी ने मेजर ध्यानचंद के जीवन, उपलब्धियों और भारतीय हॉकी में उनके योगदान पर प्रभावशाली भाषण दिया. उन्होंने कहा कि अपनी अद्भुत खेल प्रतिभा और शानदार प्रदर्शन के कारण मेजर ध्यानचंद को 'हॉकी का जादूगर' कहा जाता है. उनके जीवन से विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण की प्रेरणा मिलती है.
खेल के साथ टीमवर्क और अनुशासन पर जोर
शिक्षक प्रफुल्ल कुमार ने विद्यार्थियों को खेल भावना, टीमवर्क और निरंतर अभ्यास के महत्व की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेलों में सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है. खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और आपसी सहयोग की भावना भी विकसित करते हैं.
कार्यक्रम का संचालन मंगल मरांडी ने किया. प्रधानाध्यापक महेश प्रसाद साह की उपस्थिति और मार्गदर्शन में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ.
स्वस्थ जीवन और खेल भावना का लिया संकल्प
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, अनुशासन में रहने और खेल भावना को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया. पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह, प्रेरणा और राष्ट्रप्रेम का माहौल बना रहा.
