प्रतिनिधि, नारायणपुर : नारायणपुर प्रीमियर लीग (एनपीएल) सीजन-4 का रविवार को भव्य आगाज हुआ. उद्घाटन समारोह में प्रखंड विकास पदाधिकारी कमलेश कुमार दास, पंचायत समिति सदस्य पवन पोद्दार समेत अन्य अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर टूर्नामेंट की शुरुआत की. उद्घाटन मुकाबला बायो केयर मार्बल टाइगर्स-11 और किंग सेल एंड सर्विस-11 के बीच खेला गया.
उद्घाटन मुकाबले में उमड़ी भारी भीड़
उद्घाटन मुकाबले को लेकर मैदान में खेलप्रेमियों की भारी भीड़ उमड़ी. हजारों की संख्या में पहुंचे दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया. मैच के दौरान खिलाड़ियों में भी खासा जोश और उत्साह देखने को मिला. एनपीएल का आकर्षण लगातार बढ़ रहा है और स्थानीय खेलप्रेमियों के साथ जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद व देवघर जिले से भी दर्शक मुकाबले देखने पहुंच रहे हैं.
बीडीओ ने खेल भावना बनाए रखने की अपील की
इस अवसर पर बीडीओ कमलेश कुमार दास ने कहा कि नारायणपुर प्रीमियर लीग अब जिले के चर्चित खेल आयोजनों में शामिल हो चुका है. पिछले तीन सीजन का आयोजन जिस तरह शांतिपूर्ण और सफल तरीके से हुआ, उसी तरह इस वर्ष भी एनपीएल का भव्य आयोजन किया जा रहा है. उन्होंने खिलाड़ियों से टीम भावना के साथ खेलते हुए खेल भावना और अनुशासन बनाए रखने की अपील की. साथ ही सभी खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं.
स्थानीय खिलाड़ियों को मिल रहा बेहतर मंच
पंचायत समिति सदस्य पवन पोद्दार ने कहा कि एनपीएल स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध करा रहा है. ऐसे आयोजनों से युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ती है और क्षेत्र की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है.
आगामी मुकाबलों को लेकर उत्सुकता
उद्घाटन समारोह के दौरान आयोजकों, खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह रहा. आगामी मुकाबलों को लेकर भी दर्शकों में उत्सुकता बनी हुई है.
