24 से 27 मई तक पानागढ़ स्टेशन पर मेगा ब्लॉक, कई मेमू ट्रेनें रद्द
जामताड़ा. पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल अंतर्गत बर्द्धमान-आसनसोल सेक्शन के पानागढ़ स्टेशन पर यार्ड री-मॉडलिंग को लेकर 24 से 27 मई तक प्री नॉन-इंटरलॉकिंग और नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य किया जायेगा.
संवाददाता, जामताड़ा. पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल अंतर्गत बर्द्धमान-आसनसोल सेक्शन के पानागढ़ स्टेशन पर यार्ड री-मॉडलिंग को लेकर 24 से 27 मई तक प्री नॉन-इंटरलॉकिंग और नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य किया जायेगा. इस दौरान विभिन्न तिथियों में ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक लिया गया है. इस कारण कई मेमू पैसेंजर ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा. रेलवे की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 24 से 26 मई तक प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक विभिन्न लाइनों पर ब्लॉक रहेगा. वहीं 27 मई की सुबह 9:15 बजे से शाम 5:15 बजे तक अलग-अलग चरणों में नॉन-इंटरलॉकिंग एवं पूर्ण ब्लॉक लिया जायेगा.
ये मेमू ट्रेनें रहेंगी रद्द :
आसनसोल-बर्द्धमान सेक्शन की कई मेमू पैसेंजर ट्रेनें अलग-अलग तिथियों में रद्द रहेंगी. इनमें 63518, 63522, 63513 और 63515 नंबर की मेमू ट्रेनें 24 से 27 मई तक रद्द रहेंगी. इसके अलावा 27 मई को 63511, 63516, 63549, 63550, 63552, 63517, 63524, 63514 एवं 63521 नंबर की ट्रेनें भी नहीं चलेंगी. साथ ही 22321 हावड़ा-सिउड़ी एक्सप्रेस तथा 22322 सिउड़ी-हावड़ा एक्सप्रेस को भी 27 मई को रद्द किया गया है.
कुछ ट्रेनों का होगा शॉर्ट टर्मिनेशन और शॉर्ट ओरिजिनेशन
रेलवे ने कुछ मेमू ट्रेनों को आंशिक रूप से चलाने का निर्णय लिया है. 63509 बर्द्धमान-झाझा मेमू 24, 25 और 26 मई को आसनसोल से खुलेगी, जबकि बर्द्धमान से आसनसोल के बीच सेवा रद्द रहेंगी. इसी प्रकार 63510 झाझा-बर्द्धमान मेमू आसनसोल तक ही चलेंगी. 27 मई को 63519 बर्द्धमान-बोकारो स्टील सिटी मेमू आसनसोल से खुलेंगी तथा 63520 बोकारो स्टील सिटी-बर्द्धमान मेमू आसनसोल में ही समाप्त होगी.
लंबी दूरी की ट्रेनों को मार्ग में किया जायेगा नियंत्रित
ब्लॉक के कारण कई लंबी दूरी की ट्रेनों को मार्ग में नियंत्रित किया जायेगा. इनमें 13037 हावड़ा-देहरादून एक्सप्रेस, 13151 कोलकाता-जम्मू तवी एक्सप्रेस, 11448 हावड़ा-जबलपुर शक्तिपुंज एक्सप्रेस, 12382 नयी दिल्ली-हावड़ा एक्सप्रेस समेत कई स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं. रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले आधिकारिक रेलवे पूछताछ माध्यमों से ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें. पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल ने इस असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए यात्रियों से सहयोग की अपेक्षा की है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.