केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने ऑनलाइन दवा बिक्री का किया विरोध संवाददाता, जामताड़ा. दवा व्यवसायियों के राष्ट्रीय संगठन के आह्वान पर बुधवार को जामताड़ा जिले में दवा दुकानदारों ने एक दिवसीय हड़ताल की. हड़ताल के कारण जिले की लगभग सभी दवा दुकानें बंद रहीं, जिससे जामताड़ा और मिहिजाम शहर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में दवा खरीदने पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. हालांकि आपातकालीन स्थिति को देखते हुए सीमित व्यवस्था के तहत कुछ ही मेडिकल दुकानों को खुला रखा गया. जामताड़ा शहर के कायस्थपाड़ा मोड़ स्थित जूली मेडिकल व मिहिजाम स्थित मेडिक्योर मेडिकल को आपातकालीन सेवा के लिए संचालित किया गया, जहां जरूरतमंद मरीजों को दवाएं उपलब्ध कराई गईं. इसके बावजूद सामान्य मरीजों को कई जगह दवा के लिए भटकना पड़ा. हड़ताल का नेतृत्व जामताड़ा जिला केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन के सदस्य गोपाल डालमिया, अजय अलसेरिया, प्रवीण डोकानिया, रोहित लोहारुका, सुनील सिंह, कृष्णा सेन, गौर मंडल, राकेश सेन, अरुण बर्नवाल एवं सुनील पोद्दार ने किया. गोपाल डालमिया ने कहा कि यह आंदोलन केवल व्यापारिक हितों का नहीं, बल्कि दवा वितरण प्रणाली में पारदर्शिता और मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का प्रयास है. ऑल इंडिया केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट संगठन तथा झारखंड केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के निर्देश पर जिले के सभी दवा व्यवसायी हड़ताल में शामिल हुए. दवा व्यवसायियों ने सरकार के समक्ष कई प्रमुख मांगें रखीं, जिनमें ऑनलाइन दवाओं की बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण, बड़े कॉर्पोरेट संस्थानों द्वारा दिए जा रहे अत्यधिक डिस्काउंट पर रोक तथा नकली एवं अवैध दवाओं की बिक्री पर सख्त कार्रवाई शामिल है. हड़ताल के दौरान जिलेभर में शांतिपूर्ण माहौल बना रहा.
जामताड़ा में बंद रही मेडिकल दुकानें, मरीज रहे परेशान
जामताड़ा. दवा व्यवसायियों के राष्ट्रीय संगठन के आह्वान पर बुधवार को जामताड़ा जिले में दवा दुकानदारों ने एक दिवसीय हड़ताल की.
