प्रतिनिधि, नारायणपुर : नारायणपुर थाना क्षेत्र के लोहरंगी मोड़ के समीप हुई सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल शमशाद अंसारी की मंगलवार को इलाज के दौरान मौत हो गयी. हादसे में घायल जाहिद अंसारी का इलाज जारी है. शमशाद की मौत की खबर से परिजनों में मातम पसर गया.
मंत्री की पहल पर शव पैतृक गांव भेजा गया
घटना की जानकारी मिलने पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने पहल करते हुए शमशाद के शव का पोस्टमार्टम कराने और पार्थिव शरीर को पैतृक गांव कोलहर भेजने की व्यवस्था करायी. इसके बाद मंत्री स्वयं गांव पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की. उन्होंने मृतक के परिजनों को पांच लाख रुपये का चेक दिया. वहीं घायल जाहिद के परिवार को तत्काल 30 हजार रुपये की सहायता दी.
घायल के इलाज का खर्च उठाने का भरोसा
मंत्री ने जाहिद के इलाज का पूरा खर्च उठाने का भरोसा दिया. उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन विभाग से मृतक के परिवार को जल्द दो लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता दिलायी जायेगी. इंश्योरेंस क्लेम समेत अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ भी दिलाने की प्रक्रिया की जायेगी.
सहायता के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने हटाया जाम
इधर, हादसे के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया था. मंत्री की पहल और सहायता के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया.
