प्रतिनिधि, फतेहपुर. 69वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन-2026 में झारखंड की संसदीय भागीदारी दर्ज कराने के लिए विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो के नेतृत्व में झारखंड विधानसभा का प्रतिनिधिमंडल बुधवार को विदेश दौरे पर रवाना हुआ. प्रतिनिधिमंडल रांची से हवाई मार्ग से दिल्ली पहुंचा. इसके बाद निर्धारित कार्यक्रम के तहत स्विट्जरलैंड, दक्षिण अफ्रीका और मॉरीशस का दौरा करेगा.
10 से 19 सितंबर तक प्रस्तावित दौरा
इस दौरान राष्ट्रमंडल देशों की संसदीय व्यवस्था, विधायी प्रक्रिया और लोकतांत्रिक संस्थाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जायेगा. प्रतिनिधिमंडल विभिन्न देशों की संसदीय कार्यप्रणाली, विधायी परंपराओं और विकास से जुड़े अनुभवों को समझेगा.
अंतरराष्ट्रीय मंच पर रखे जाएंगे जनहित के मुद्दे
सम्मेलन झारखंड विधानसभा के लिए अंतरराष्ट्रीय संसदीय मंच पर राज्य से जुड़े विकास और जनहित के मुद्दों को रखने का अवसर होगा. साथ ही दूसरे देशों की संसदीय व्यवस्था और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से सीख लेकर राज्य की विधायी कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाने के लिए अनुभव प्राप्त किये जा सकेंगे.
वैश्विक मंच पर साझा होंगे संसदीय अनुभव
प्रतिनिधिमंडल के दौरे से झारखंड के संसदीय अनुभवों को वैश्विक मंच पर साझा करने और अंतरराष्ट्रीय संवाद बढ़ाने की उम्मीद है.
