जामताड़ा : जामताड़ा जिला क्रिकेट संघ की वार्षिक आम बैठक अध्यक्ष निगम कृष्ण सिंह की अध्यक्षता में हुई. बैठक की शुरुआत दिवंगत खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गयी.
पिछले सत्र की गतिविधियों का रखा प्रतिवेदन
सचिव युगेश कुमार सिंह ने सत्र 2025-26 का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया. उन्होंने बताया कि पिछले सत्र में लीग, सिलेक्शन कैंप, समर कैंप, अंपायर व स्कोरर वर्कशॉप समेत विभिन्न क्रिकेट गतिविधियों का सफल संचालन किया गया. जेएससीए अंडर-16 बालक वर्ग के सात मैचों की मेजबानी भी जामताड़ा ने की.
खिलाड़ियों को जेएससीए कैंप में मिला मौका
उन्होंने बताया कि अंडर-16 के सुरजो मंडल को जेएससीए कैंप में जगह मिली. अंडर-19 से चिन्मय चिराग झा और प्रवीण यादव को कैंप का अवसर मिला. जेपीएल में जामताड़ा के छह खिलाड़ियों को मौका मिला. प्रिंस मुर्मू ने जेपीएल के साथ जेएससीए अंडर-23 टीम में भी स्थान बनाया.
14 सितंबर से शुरू होगा रजिस्ट्रेशन
बैठक में बताया गया कि जिले में क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए शुरू की गयी अकादमी का संचालन 13 नवंबर 2025 से हो रहा है. सत्र 2026-27 के लिए कैलेंडर जारी करते हुए जूनियर लीग का रजिस्ट्रेशन 14 से 23 सितंबर और सीनियर लीग का 14 से 25 सितंबर तक कराने का निर्णय लिया गया.
27 सितंबर से जूनियर लीग प्रस्तावित
शहीद प्रमोद कुमार मेमोरियल जूनियर लीग 27 सितंबर तथा सीनियर लीग 25 अक्टूबर से प्रस्तावित है. नए सत्र में महिला क्रिकेट टीम की भागीदारी कराने का भी निर्णय लिया गया.
जेडीसीए की टीम को दी बधाई
संरक्षक पारसनाथ चौबे ने जेडीसीए की पूरी टीम को बधाई दी. अध्यक्ष निगम कृष्ण सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए बेहतर उपलब्धियों की शुभकामना दी. मौके पर कोषाध्यक्ष रविंद्र कुमार झा, उपाध्यक्ष कुणाल सिंह, सत्यप्रकाश कात्यान, उज्जवल भोक्ता, अर्जित चौबे, विकास शर्मा, परितोष मिश्रा, तरूण दास और अनिकेत शर्मा मौजूद थे.
