जामताड़ा : स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने एसआईआर के तहत मतदाता सूची से नाम हटाने के कथित प्रयास को लेकर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि फॉर्म-7 के माध्यम से करीब 41 हजार मतदाताओं के नाम कटवाने की साजिश की जा रही है. यह लोकतंत्र और मतदाताओं के अधिकार पर सीधा हमला है.
वास्तविक मतदाताओं को निशाना बनाने का आरोप
डॉ. अंसारी ने कहा कि बड़ी संख्या में फॉर्म-7 के आवेदन दाखिल किए गए हैं, जिनमें कई आवेदन जांच के दौरान सही प्रारूप में नहीं पाए गए. उन्होंने आरोप लगाया कि वास्तविक मतदाताओं के खिलाफ आपत्तियां दर्ज कराकर उन्हें मताधिकार से वंचित करने का प्रयास किया जा रहा है. योजनाबद्ध तरीके से आदिवासी, अल्पसंख्यक और भाजपा विरोधी मतदाताओं को निशाना बनाया जा रहा है.
भाजपा पर साधा निशाना
उन्होंने कहा कि भाजपा पहले बांग्लादेशी और घुसपैठियों को खोजने की बात करती रही, अब वास्तविक मतदाताओं के नाम काटने की कोशिश कर रही है. जनता के वोट से मुकाबला करने का साहस नहीं होने के कारण मतदाता सूची को प्रभावित करने की राजनीति की जा रही है.
फॉर्म-7 आवेदनों की जांच की मांग
मंत्री ने निर्वाचन आयोग और जिला प्रशासन से फॉर्म-7 के सभी आवेदनों की निष्पक्ष एवं गहन जांच, आवेदकों की पहचान सत्यापित करने और उचित प्रक्रिया के बिना किसी वैध मतदाता का नाम नहीं हटाने की मांग की.
अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस डटी
उन्होंने कहा कि जनता घबराए नहीं. कांग्रेस पार्टी हर वास्तविक मतदाता के अधिकार की रक्षा के लिए मजबूती से खड़ी है. गड़बड़ी मिलने पर अधिकारियों के समक्ष आपत्ति दर्ज कराने के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी. उन्होंने कहा कि किसी भी मतदाता का अधिकार छीनने की कोशिश सफल नहीं होने दी जाएगी. मंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थित बीएलओ फॉर्म-7 का वितरण कर मतदाता को बरगलाने का काम कर रही है.
