संवाददाता, जामताड़ा: यू-डायस प्लस पोर्टल के अंतर्गत एसडीएमआईएस में विद्यालयों में नामांकित विद्यार्थियों की प्रविष्टि को लेकर समग्र शिक्षा, जामताड़ा की ओर से सभी सरकारी एवं सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों को निर्देश जारी किया गया है. जिला शिक्षा पदाधिकारी-सह-जिला कार्यक्रम पदाधिकारी चार्ल्स हेंब्रम की ओर से 19 सितंबर को जारी पत्र में कक्षा 2 से 12 तक के वैसे छात्र-छात्राओं को चिन्हित करने का निर्देश दिया गया है, जिनका नाम अब तक एसडीएमआईएस पोर्टल पर दर्ज नहीं हुआ है.
25 सितंबर तक बीआरसी में जमा करना होगा 502 प्रपत्र
विभागीय निर्देश के अनुसार विद्यालयों को पोर्टल से वंचित विद्यार्थियों का पूरा विवरण 502 प्रपत्र में दर्ज करना होगा. इसके बाद संबंधित विद्यालयों को यह प्रपत्र 25 सितंबर 2026 तक संबंधित प्रखंड संसाधन केंद्र यानी बीआरसी में प्रखंड एमआईएस के पास उपलब्ध कराना होगा.
विभाग ने स्पष्ट किया है कि छूटे हुए विद्यार्थियों की प्रविष्टि के लिए एसडीएमआईएस पोर्टल 18 सितंबर से निर्धारित अवधि के लिए खोला गया है.
कक्षा 2 से 12 तक के विद्यार्थियों की होगी पहचान
निर्देश में कक्षा 2 से 12 तक के ऐसे सभी नामांकित विद्यार्थियों को चिन्हित करने को कहा गया है, जिनकी जानकारी अब तक एसडीएमआईएस पोर्टल पर दर्ज नहीं हो सकी है. विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों का विवरण तैयार कर निर्धारित प्रपत्र में उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी प्रधानाध्यापकों और प्रभारी प्रधानाध्यापकों को दी गयी है.
समय पर काम पूरा नहीं हुआ तो तय होगी जवाबदेही
सभी प्रधानाध्यापक एवं प्रभारी प्रधानाध्यापकों को निर्धारित समय सीमा के भीतर यह कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया गया है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि तय समय पर कार्य पूरा नहीं होने की स्थिति में संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापक की जवाबदेही तय की जाएगी.
यह भी पढ़ें:
साहिबगंज के अंकुश ने रचा इतिहास, पहली बार जिले के पहलवान का वर्ल्ड ट्रायल में चयन
प्रखंड एमआईएस प्रभारी करेंगे पोर्टल पर एंट्री
प्रखंड एमआईएस प्रभारियों को 502 प्रपत्र के आधार पर विद्यार्थियों की जानकारी एसडीएमआईएस पोर्टल पर दर्ज करने का निर्देश दिया गया है. साथ ही संबंधित अभिलेखों को कार्यालय में सुरक्षित रखने को भी कहा गया है.
विभाग के इस निर्देश का उद्देश्य विद्यालयों में नामांकित लेकिन पोर्टल पर दर्ज नहीं हो सके विद्यार्थियों की जानकारी को अपडेट करना है.
