जामताड़ा में अनियंत्रित ट्रेलर ने ली 1 की जान, 200 मीटर तक घसीटा, आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे किया जाम

Jamtara Road Accident: जामताड़ा के फतेहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सांगाजोड़ी मोड़ के पास बुधवार को एक अनियंत्रित ट्रेलर ने भीषण तबाही मचाई. तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़े 45 वर्षीय मोहन प्रसाद साव को अपनी चपेट में ले लिया और करीब 200 मीटर तक घसीटता ले गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

Jamtara Road Accident, जामताड़ा : जामताड़ा के गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे पर बुधवार को फतेहपुर थाना क्षेत्र के सांगाजोड़ी मोड़ के समीप एक भीषण सड़क हादसे में फतेहपुर निवासी मोहन प्रसाद साव (45 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई. बताया गया कि दुमका की ओर से आ रहा ट्रेलर (बीआर 03 जीबी 9672) अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़े मोहन प्रसाद साव को अपनी चपेट में ले लिया. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रेलर की रफ्तार बहुत तेज थी.

वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका चालक

चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और उसने पहले बिजली के खंभे को टक्कर मारी, फिर चार बाइक, एक टोटो और एक पोल्ट्री दुकान को क्षतिग्रस्त कर दिया. इसी दौरान मोहन प्रसाद साव को करीब 200 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया. उन्हें तुरंत फतेहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. इस हादसे ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया. मृतक अपने पीछे चार बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं. वे परिवार के मुख्य कमाऊ सदस्य थे. उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

Also Read: गुमला ट्रिपल मर्डर में ‘न्याय’: लोहे की रॉड से तीन को उतारा था मौत के घाट, अब ताउम्र सलाखों के पीछे रहेगा हत्यारा

आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे को कर दिया जाम

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए और आक्रोशित होकर गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे को जाम कर दिया. लगभग चार घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा. सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. मौके पर नाला एसडीपीओ मनोज कुमार महतो, बीडीओ प्रेम कुमार दास और थाना प्रभारी अमर सिंह तापेय पहुंचे. उन्होंने लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया और यातायात सामान्य कराया. पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और चालक की जानकारी जुटाई जा रही है. यह हादसा न केवल एक परिवार को गहरे शोक में डाल गया, बल्कि सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की गंभीर आवश्यकता को भी उजागर कर गया.

Also Read: कानून व्यवस्था पर BJP का हमला: ‘8000 दुष्कर्म और सिर्फ 20% को सजा’, झारखंड में आदिवासी बहनें असुरक्षित

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sameer Oraon

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >