जामताड़ा. सोमवार सुबह से शुरू हुयी झमाझम बारिश मंगलवार सुबह तक जारी रही. सोमवार रातभर हुयी लगातार बारिश से शहर के कई हिस्सों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गयी. सड़कें पानी से लबालब हो जाने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा.
निचले इलाकों में जलजमाव, सड़कों पर बहा नालियों का पानी
सोमवार देर रात से बारिश का दौर तेज हुआ, जो रुक-रुककर मंगलवार सुबह तक जारी है. लगातार बारिश के कारण शहर के निचले इलाकों में पानी जमा हो गया. कई स्थानों पर नालियों का पानी सड़क पर बहने लगा. मंगलवार सुबह स्कूल, कार्यालय और अन्य जरूरी कामों के लिए घर से निकले लोगों को जलजमाव के बीच से होकर गुजरना पड़ा.
बाजारों में कम रही चहल-पहल, आवाजाही पर पड़ा असर
बारिश का असर शहर के बाजारों पर भी देखने को मिला. सामान्य दिनों की तुलना में बाजारों में चहल-पहल कम रही. सड़कों पर पानी जमा होने के कारण लोगों की आवाजाही भी प्रभावित हुयी. जरूरी काम से निकले लोगों को कई स्थानों पर परेशानी का सामना करना पड़ा.
किसानों के लिए बारिश बनी राहत
लगातार हो रही बारिश किसानों के लिए राहत लेकर आई है. बारिश से खेतों में नमी बढ़ने के साथ कृषि कार्यों को भी गति मिलने की उम्मीद है. किसान इस बारिश को खेती के लिए उपयोगी मान रहे हैं.
कच्ची सड़कों और जलजमाव वाले क्षेत्रों में बढ़ी परेशानी की आशंका
मौसम के बदले मिजाज को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गयी है. लगातार बारिश के कारण कच्ची सड़कों और जलजमाव वाले क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित होने की आशंका बनी हुयी है. ऐसे में लोगों को जरूरी होने पर ही जलजमाव वाले रास्तों से गुजरने की सलाह दी गयी है.
