जामताड़ा : नवरात्र के उत्सव में इस बार जामताड़ा में डांडिया का नया रंग देखने को मिलेगा. गांधी मैदान में 11 अक्टूबर को पहली बार भव्य डांडिया महोत्सव का आयोजन किया जाएगा. शाम सात बजे से शुरू होने वाले इस महोत्सव में सैकड़ों महिलाएं और कपल डांडिया की थाप पर थिरकेंगे. मुंबई और गुजरात के मशहूर कलाकारों की प्रस्तुति कार्यक्रम का विशेष आकर्षण होगी.
महोत्सव की तैयारी को लेकर रविवार को संत एंथोनी स्कूल सभागार में बैठक हुई. अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता ने की, जबकि संचालन डॉ. चंचल भंडारी ने किया. बैठक में वरिष्ठ भाजपा नेता तरुण कुमार गुप्ता, समाजसेवी डीडी भंडारी समेत विभिन्न संगीत कला केंद्रों, नृत्य अकादमियों और शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि शामिल हुए.
दो चरणों में होगा आयोजन
महोत्सव दो चरणों में आयोजित होगा. शाम सात से रात नौ बजे तक महिलाएं सामूहिक डांडिया नृत्य प्रस्तुत करेंगी. इसके बाद रात नौ से दस बजे तक पति-पत्नी की जोड़ी के लिए कपल डांडिया होगा. प्रतिभागियों को नृत्य अकादमी के प्रशिक्षकों द्वारा विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा.
महिलाओं की प्रतिभा को मिलेगा मंच
नप अध्यक्ष आशा गुप्ता ने कहा कि महोत्सव मनोरंजन के साथ महिलाओं की छिपी प्रतिभा को मंच देने का माध्यम बनेगा. साफ-सफाई, सुरक्षा और रोशनी समेत आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी.
जनभागीदारी से ऐतिहासिक बनाने की तैयारी
संयोजक तरुण कुमार गुप्ता ने कहा कि जनभागीदारी से डांडिया महोत्सव को ऐतिहासिक बनाया जाएगा. वहीं कार्यक्रम प्रभारी डॉ. चंचल भंडारी ने कहा कि आयोजन को यादगार बनाने के लिए लगातार तैयारी बैठकें होंगी.
आयोजन समिति का गठन
बैठक में आयोजन समिति का गठन किया गया. आशा गुप्ता को अध्यक्ष, तरुण कुमार गुप्ता को संयोजक और डॉ. चंचल भंडारी को कार्यक्रम प्रभारी बनाया गया. समिति में 21 पदाधिकारियों व सदस्यों को जिम्मेदारी सौंपी गयी.
