जामताड़ा : जामताड़ा शहर स्थित ईसीएल रेलवे साइडिंग में शनिवार को कोयला उठाव को लेकर विवाद हो गया. विवाद के दौरान होमगार्ड के एक जवान को बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद जवान को मुक्त कराकर थाने ले आई.
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह बड़ी संख्या में लोग रेलवे साइडिंग पहुंचे थे. ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवानों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया. इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई.
आरोप है कि कुछ लोगों ने होमगार्ड जवान मिलन दास को बंधक बनाकर पास के गांव में ले जाकर उसके साथ मारपीट की. घटना में जवान को कई जगह चोटें आई हैं. सूचना मिलने पर थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने काफी प्रयास के बाद जवान को मुक्त कराकर थाना पहुंचाया.
वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि विवाद की शुरुआत होमगार्ड जवानों द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग करने और एक युवक के साथ मारपीट किए जाने से हुई, जिसके बाद स्थिति बिगड़ गई. थाना प्रभारी मनोज महतो ने बताया कि दोनों पक्षों से आवेदन प्राप्त हो रहे हैं. आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी. जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
