प्रतिनिधि, नारायणपुर. थाना क्षेत्र के चिहुंटिया गांव में बुधवार को एक दर्दनाक घटना हुई, जब तालाब में नहाने गए एक आठ वर्षीय मासूम की मौत हो गयी. इस हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है. जानकारी के अनुसार, देवघर जिला के पथरोल थाना क्षेत्र के कजरा गांव निवासी महेंद्र यादव का आठ वर्षीय पुत्र रोशन कुमार यादव अपने मामा घर चिहुंटिया आया था. बुधवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे वह अन्य बच्चों के साथ तालाब में नहाने गया. नहाने के दौरान अचानक वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा. साथ गए बच्चे घबराकर शोर मचाने लगे. स्थानीय लोगों और परिजनों ने तत्काल तालाब से रोशन को बाहर निकाला और आनन-फानन में सीएचसी नारायणपुर लेकर पहुंचे. चिकित्सकों ने जांच के बाद रोशन को मृत घोषित कर दिया. मासूम के निधन की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया. मां, पिता और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है. मामा घर आए इस मासूम की खुशी चंद घंटों में मातम में बदल गया. ग्रामीणों ने बताया कि रोशन पढ़ाई में अच्छा और चंचल स्वभाव का बच्चा था. उसकी मौत ने सभी को स्तब्ध कर दिया. वहीं चिकित्सकों ने भी ग्रामीणों को सलाह दी है कि छोटे बच्चों को अकेले या बिना निगरानी के तालाब, नदी या अन्य जलाशयों में न जाने दें. बरसात के मौसम में तालाब और नदी का जलस्तर बढ़ने से डूबने का खतरा अधिक होता है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
