मिहिजाम : आगामी शारदीय नवरात्र एवं दुर्गा पूजा को लेकर चित्तरंजन के एरिया-3 हॉस्पिटल कॉलोनी में सर्वजनिन श्री श्री दुर्गा एवं काली पूजा समिति की ओर से शनिवार को पारंपरिक खूंटी पूजा का आयोजन किया गया. विधि-विधान एवं भक्तिमय वातावरण में पूजा संपन्न होने के साथ ही पंडाल निर्माण सहित अन्य तैयारियों का औपचारिक शुभारंभ हुआ.
पूजा को भव्य बनाने का लिया संकल्प
खूंटी पूजा में समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के अलावा स्थानीय निवासी और गणमान्य लोग शामिल हुए. सभी ने मां दुर्गा के आगमन को लेकर उत्साह जताया और पूजा समारोह को शांतिपूर्ण, भव्य एवं सफल बनाने का संकल्प लिया. मौके पर संरक्षक प्रभाकर कुमार, अध्यक्ष परमात्मा नंद वर्मा, उपाध्यक्ष राजेश कुमार एवं अनिल रजक, महासचिव सतीश कुमार सिंह समेत अन्य पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे.
सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी होगा आयोजन
समिति के अनुसार सर्वजनिन श्री श्री दुर्गा एवं काली पूजा 2026 के दौरान पारंपरिक पूजा-अर्चना के साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. पूजा पंडाल को आकर्षक रूप देने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं. श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर भी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं. समिति ने क्षेत्रवासियों से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ आयोजन को सफल बनाने की अपील की है.
