फतेहपुर से राजेश चौधरी की रिपोर्ट
फतेहपुर : मुर्गाबनी-नाला मुख्य सड़क पर बिंदापाथर थाना क्षेत्र के बारहघरिया गांव के समीप गुरुवार को सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गयी. मृतक की पहचान फतेहपुर थाना क्षेत्र के आसनहेरिया गांव निवासी रोविन मोहली (30) के रूप में हुई है.
पेड़ से टकरायी अनियंत्रित बाइक
जानकारी के अनुसार, रोविन बाइक से मुर्गाबनी-नाला मुख्य सड़क से गुजर रहा था. इसी दौरान बारहघरिया गांव के समीप उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकरायी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि रोविन के सिर में गंभीर चोट लगी और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया.
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे के बाद मौके पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी. घटना की सूचना बिंदापाथर थाना पुलिस को दी गयी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू की. पुलिस आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है.
युवक की मौत से गांव में मातम
इधर, घटना की सूचना मिलते ही रोविन के परिजनों में कोहराम मच गया. युवक की अचानक मौत से आसनहेरिया गांव में मातम पसरा हुआ है.
