संवाददाता, जामताड़ा. डीसी आलोक कुमार के निर्देश पर डीडीसी निरंजन कुमार ने जियाजोरी पंचायत का निरीक्षण किया. उन्होंने विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, मनरेगा सहित आवास योजनाओं की वस्तुस्थिति का जायजा लिया. इस क्रम में डीडीसी ने राजकीयकृत मध्य विद्यालय जियाजोरी पहुंचे, जहां विद्यालय में शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं की उपस्थिति की जांच की. उन्होंने बच्चों से पठन पाठन की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी ली. बच्चों से सवाल जवाब करते हुए उन्हें खूब मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने शिक्षकों को कक्षाओं का नियमित संचालन, छात्र-छात्राओं की शत प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने व गुणवत्तापूर्ण मध्याह्न भोजन बच्चों को देने का निर्देश दिया. उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र जियाजोरी का निरीक्षण कर सेविका एवं सहायिका को समय से केंद्र खोलने का निर्देश दिया. साथ ही बच्चों को मेन्यू के अनुसार पोषणयुक्त आहार उपलब्ध कराने को कहा. वहीं पंचायत में मनरेगा से तालाब निर्माण योजना, बिरसा हरित ग्राम योजना का निरीक्षण कर सभी योजनाओं को समय से पूर्ण करने एवं मनरेगा में ज्यादा से ज्यादा लोगों को रोजगार देने का निर्देश दिया.
विद्यालय में शिक्षकों व विद्यार्थियों की उपस्थिति हुई जांच
जामताड़ा. डीसी आलोक कुमार के निर्देश पर डीडीसी निरंजन कुमार ने जियाजोरी पंचायत का निरीक्षण किया.
