देर रात तक नहीं पहुंचा शव, ग्रामीण जुटे थाने के पास
पुलिस ने की शांति की अपील
जामताड़ा : व्हाट्सएप पर आपत्तिजनक पोस्ट करने के मामले में गिरफ्तार नारायणपुर के मिनहाज अंसारी की रिम्स में इलाज के दौरान रविवार की सुबह को मौत हो गयी. यह खबर आने के बाद मिनहाज के गांव दिघारी में माहौल काफी तनावपूर्ण है. पुलिस के प्रति ग्रामीणों का काफी आक्रोश देखा जा रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि मामले में जो लोग दोषी हैं, उन पर हत्या का मामला दर्ज कर आजीवन कारावास हो. आरोपित दारोगा हरिश पाठक को बरखाश्त कर उस पर मुकदमा चले. एसपी को भी हटाया जाये.
डीसी को आवेदन सौंपा : दिघारी के ग्रामीणों का एक लिखित हस्ताक्षरयुक्त आवेदन डीसी को सौंपा जा रहा है. जिसमें ग्रामीणों ने कहा है कि दारोगा पर 302 का मुकदमा चलाकर 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया जाय. आवेदन में कहा गया है कि सोनू सिंह व अरुण सिंह ने भी दारोगा के साथ मिलकर मारा है. उस पर भी 302 का मुकदमा चलाया जाये.
पुलिस चौकस: पुलिस प्रशासन भी चौकस है. कई थानों की करीब 400 की संख्या में पुलिस नारायणपुर थाने में कैंप कर रही है.
गांव में तनाव…
शव के पहुंचने के बाद माहौल का शांति बनाये रखने की अपील की जा रही है. इससे पहले पुलिस व ग्रामीणों ने बैठकर लोगों से शांति बनाये रखने की अपील की है.
मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान
मुख्यमंत्री ने संज्ञान लेते हुए 14अक्टूबर को मुख्य सचिव राजबाला बर्मा को नारायणपुर भेज रहे है. स्थानीय विधायक डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि उनका मुख्यमंत्री से बात हुई है. मुख्यमुंत्री रघुवर दास ने परिजनों को दो लाख रुपये का चेक देने का निर्देश दिया है. मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया है कि मामलें में जो भी दोषी होगा, उन पर कड़ी कारवाई की जायेगी. विधायक ने कहा : पुलिस की पिटायी से मिनहाज की मौत हुई है. आरोपी दारोगा एवं अन्य पर हत्या का मामला दर्ज हो. कहा कि मिनहाज घर का एकमात्र कमाउ लड़का था. पिता उमर शेख लकड़ी चीरता है. घर की माली हालात ठीक नहीं है. सरकार उनके परिवार को 25 लाख रुपये का मुआवजा सहित सारी सुविधाएं दे.
व्हाट्सएप पर आपत्तिजनक पोस्ट करने के आरोप में हुई थी मिनहाज की गिरफ्तारी
सीएम ने परिजन को तत्काल दो लाख का चेक देने का दिया निर्देश
5 अक्तूबर को इलाज के लिए पीएमसीएच धनबाद में करायी गयी थी भरती
परिजनों का आरोप : पुलिस की पिटाई से हुई मिनहाज की मौत
आरोपित दारोगा पर चले धारा 302 के तहत मुकदमा : इरफान
दारोगा व एसपी को हटाया जाये : ग्रामीण
14 अक्तूबर को मामले की जांच करने मुख्य सचिव आयेंगी नारायणपुर
मेरे सामने पुलिस ने सीने पर चढ़कर मारा : मां
मृत मिनहाज की मां ओझोला बीबी का कहना है कि उनकी आखों के सामने मिनहाज को दारोगा और उनका चालक सीने पर चढ़ कर मारा है. इसके अलावा जो पुलिस नहीं है, वे लोग भी मारा है. कहा कि : मुझे कोई चेक नहीं चाहिए, मुझे मेरा बेटा चाहिए. उसने कहा : उनका चार पुत्र है. एक को पुलिस ने मारा और तीनों को पुलिस गोली मार दें. कहती-कहती ओझोला बीबी बेहोश हो रही थी. मिनहाज की मौत पर गांव में सन्नाटा पसर गया है. ग्रामीणों ने कहा कि मुहर्रम का समय है. गांव का बेटा जालिम एजीद के हाथों शहीद हुआ है.
