West Bengal Swing Seats 2026: बंगाल चुनाव के कड़े मुकाबले को देखते हुए एक बार फिर सबकी नजरें उन सीटों पर टिक गयीं हैं, जिन्हें स्विंग सीट्स (Swing Seats) कहा जाता है. ये वे सीटें हैं, जहां पिछली बार जीत का अंतर बहुत कम था या जहां के राजनीतिक समीकरण अब पूरी तरह बदल चुके हैं. नंदीग्राम की हाई-वोल्टेज जंग से लेकर उत्तर बंगाल के दिनहाटा तक, इन सीटों पर होने वाला उलटफेर ही तय करेगा कि 4 मई को बंगाल की सत्ता किसके हाथों में जायेगी. टीएमसी अपनी जमीन बचाने की कोशिश में है, तो भाजपा इन क्षेत्रों में सेंध लगाकर सत्ता पर काबिज होने की कोशिश कर रही है.
नंदीग्राम में फिर होगा 2021 वाला चमत्कार?
नंदीग्राम इस बार भी राज्य की सबसे चर्चित सीटों में एक है. 2021 में शुभेंदु अधिकारी ने यहां ममता बनर्जी को 1956 वोटों से हराया था. इस बार टीएमसी ने अपनी रणनीति बदली है. बूथ स्तर पर नयी किलेबंदी की है. शुभेंदु अधिकारी के लिए यह अपनी साख बचाने की लड़ाई है. इस सीट पर होने वाली मामूली वोटिंग शिफ्ट भी बड़ा धमाका कर सकती है.
दिनहाटा और उत्तर बंगाल का गणित
कूचबिहार की दिनहाटा सीट उत्तर बंगाल की राजनीति का केंद्र बन गयी है. यहां तृणमूल और भाजपा के बीच खूनी संघर्ष का इतिहास रहा है. भाजपा यहां अपने मजबूत संगठन के भरोसे है, जबकि टीएमसी ने हाल के उपचुनावों में मिली बढ़त को बरकरार रखने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है. राजबंशी और स्थानीय मतदाताओं का झुकाव ही यहां निर्णायक होगा.
बंगाल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
आसनसोल और औद्योगिक बेल्ट की चुनौती
आसनसोल उत्तर और आसनसोल दक्षिण की सीटों पर इस बार मुकाबला त्रिकोणीय होने के आसार हैं. आसनसोल में हिंदी भाषी मतदाताओं की बड़ी तादाद भाजपा का समर्थन करती रही है, लेकिन टीएमसी की ‘कल्याणकारी योजनाओं’ ने यहां मध्यम वर्ग और श्रमिकों के बीच पैठ बनायी है. यहां भू-धंसान और उद्योगों का मुद्दा चुनाव को किसी भी दिशा में मोड़ सकता है.
इसे भी पढ़ें : नंदीग्राम की जंग का पूरा हिसाब : एक-एक वोट के लिए ममता बनर्जी और शुभेंदु अधिकारी ने कितना बहाया पैसा?
सिंगूर और खड़गपुर सदर पर भी नजर
- कभी ममता बनर्जी के आंदोलन की जमीन रही सिंगूर में वोटर अब विकास और रोजगार के मुद्दे पर ‘स्विंग’ कर सकते हैं, यहां के किसान और युवा इस बार बदलाव के मूड में दिख रहे हैं.
- खड़गपुर सदर विधानसभा क्षेत्र में रेल कर्मचारियों और विविध भाषाई लोगों का वोट बैंक है. यह सीट हमेशा चौंकाने वाले नतीजे देती है. भाजपा यहां अपने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष के साथ अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश में है, जबकि टीएमसी नये चेहरों के साथ मैदान में है.
इसे भी पढ़ें : बंगाल चुनाव 2026 में ‘झूठ’ का सहारा ले रही TMC? SIR को NRC बताकर डराने और ‘फिश बैन’ की अफवाह का आरोप
West Bengal Swing Seats 2026: क्यों अहम हैं ये सीटें?
राजनीतिक विश्लेषकों की मानें, तो पश्चिम बंगाल की 294 सीटों में से करीब 40-50 सीटें ऐसी हैं, जहां हार-जीत का अंतर 5 प्रतिशत से भी कम रह सकता है. इन स्विंग सीटों पर 91 लाख वोटरों के नाम कटने (SIR) का सबसे ज्यादा असर पड़ने की संभावना है. जहां-जहां अल्पसंख्यक वोट बैंक और मतुआ समुदाय का प्रभाव है, वहां वोटों का ध्रुवीकरण किसी भी पार्टी का गेम बिगाड़ने की क्षमता रखता है. बंगाल में इस बार 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में वोटिंग होगी. 4 मई को सभी 294 सीटों पर मतगणना होगी.
इसे भी पढ़ें
बंगाल चुनाव से पहले टीएमसी की पूर्व सांसद नुसरत जहां को ईडी का समन, राशन घोटाला से जुड़ा है मामला
बंगाल चुनाव 2026 में ‘झूठ’ का सहारा ले रही TMC? SIR को NRC बताकर डराने और ‘फिश बैन’ की अफवाह का आरोप
