नाला : बीती रात पंजुनिया पंचायत के बेनागड़िया गांव में फूड प्वाइजनिंग के शिकार सभी मरीज सकुशल अपने-अपने घर लौट गये और किसी प्रकार की कोई अनहोनी नहीं हुई. वहीं मामले को लेकर आला अधिकारियों की नजर बनी रही और समय-समय पर वस्तुस्थिति से अवगत होते रहे.
अस्पताल की हुई साफ-सफाई
घटना के दूसरे दिन अस्पताल परिसर की साफ-सफाई की गयी. वहीं बेड सीट भी बदले गये तथा ब्लीचिंग एवं फिनाइल से परिसर को स्वच्छ किया गया. वहीं व्यवस्था में सुधार देखे गये.
साधारण मरीज भी हो जाते हैं रेफर
जानकारी के मुताबिक स्वास्थ्य केंद्र में कुल चार डॉक्टर प्रतिनियुक्त हैं. परंतु मात्र तीन डॉक्टर यहां उपस्थिति बनाते हैं. यहां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ दीपक कुमार कार्यरत हैं. सीएचसी में कुल 15 एएनएम है.
जबकि कम्पाउंडर एक भी नहीं है. परंतु मो शाहिद आलम कम्पाउंडर का कार्य भार संभाले हुए हैं. वहीं डॉ पूनम टोप्पो जामताड़ा में प्रतिनियुक्त हैं. क्षेत्र की आवश्यकता के मुताबिक चिकित्सकों का अभाव है. चिकित्सकों के अभाव में यहां के मरीजों को साधारण स्थिति में भी बाहर जाना पड़ता है.
