– नारायणपुर थाना क्षेत्र के छोटा बेवा गांव के समीप की है घटना प्रतिनिधि, नारायणपुर. नयाडीह पंचायत अंतर्गत छोटा बेवा गांव के समीप गुरुवार की देर रात हुई सड़क दुर्घटना में एक साइकिल सवार की सीएचसी में उपचार के दौरान मौत हो गयी. मृतक की पहचान छोटा बेवा गांव निवासी अमीन हेंब्रम (60 वर्ष) के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों में शोक की लहर है. जानकारी के अनुसार, अमीन हेंब्रम साइकिल से अपनी बहन के घर बिष्टोपुर-फलहारडीह गांव गए थे. वहां से वापस अपने घर आने के दौरान विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात स्कूटी सवार ने उन्हें जोरदार धक्का मार दिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े. स्थानीय लोगों की मदद से परिजनों ने 108 एंबुलेंस से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नारायणपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद स्कूटी चालक मौके से फरार हो गया. अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. मृतक अपने परिवार के भरण-पोषण का सहारा थे. पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है. फरार स्कूटी चालक की तलाश की जा रही है. थाना प्रभारी मुराद हसन ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा भेजा गया है. परिजनों से अभी तक आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. आवेदन के आलोक में अग्रेतर कार्रवाई की जायेगी.
सड़क दुर्घटना में घायल साइकिल सवार की मौत, स्कूटी चालक फरार
नारायणपुर. देर रात हुई सड़क दुर्घटना में एक साइकिल सवार की सीएचसी में उपचार के दौरान मौत हो गयी.
