बिंदापाथर : जिले के बिंदापाथर थाना क्षेत्र के देवघर बॉर्डर पर सरानपाड़ा गांव के समीप सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गयी. इसके बाद पालोजोड़ी-चितरा सड़क को ग्रामीणों ने जाम कर दिया. घटना बीती रात की है. मृतक धन हांसदा (36) बराटांड़ गांव के है. बीती रात को वह अपने मोटर साइकिल जेएस 09डी 1239 से चितरा की तरफ जा रहा था. इसी क्रम में विपरीत दिशा से आ रहे डंपर की चपेट में आने से घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी. घटना के बाद डंपर चालक फरार हो गया.
उसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने घटनास्थल को जाम कर दिया. ग्रामीण चितरा जीएम व वरीय पदाधिकारी की आने की मांग कर रहे थे. फतेहपुर सीआइ आशुतोष सिंह व राजस्व कर्मचारी युगल रविदास पहुंच कर सरकारी प्रावधान के तहत बीस हजार देने की घोषणा की मगर ग्रामीणों ने नहीं मानी. जिला परिषद सदस्य प्रवास कुमार हेंब्रम घटनास्थल पर जाकर जानकारी ली व ग्रामीणों की मांगों को जायज ठहराया. घटनास्थल के एक तरफ बिंदापाथार थाना है तो दूसरी तरफ देवघर जिले का पालोजोड़ी थाना पड़ता है. ग्रामीणों के अनुसार रात को दोनों जिले की पुलिस पहुंची थी.
