Jamshedpur news: सालबनी में अज्ञात वाहन की चपेट में आया युवक, गंभीर रूप से घायल

सालबनी में अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है.

गालूडीह से प्रकाश दास की रिपोर्ट

गालूडीह थाना क्षेत्र के सालबनी स्थित मधु होटल के पास बुधवार सुबह करीब 10 बजे एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर के रहने वाले 24 वर्षीय रिंकू बेरा अपनी यामाहा बाइक से जमशेदपुर जा रहे थे. इसी दौरान सालबनी के मधु होटल के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी.

हेलमेट नहीं पहनने की बात आई सामने

टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और रिंकू बेरा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था.

हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया. सड़क पर घायल युवक को देखकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे. लोगों ने युवक को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग-100 की टीम घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर घायल युवक को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल, घाटशिला भेज दिया.

पुलिस को युवक के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और आधार कार्ड मिला है. इसके आधार पर परिजनों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है.

पुलिस हादसे की जांच कर रही है. यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बाइक को किस वाहन ने टक्कर मारी थी. आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क पर हर समय वाहनों की आवाजाही बनी रहती है. ऐसे में तेज रफ्तार के कारण हादसों का खतरा बढ़ जाता है. पुलिस ने लोगों से हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >