टाटा स्टील में बाइक लेकर नहीं जा सकेंगे कर्मी, अब इस तकनीक से होगा उत्पादन, बहाली भी होगी

टाटा स्टील के जमशेदपुर प्लांट में सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए दोपहिया वाहनों की एंट्री पर रोक लगाने की तैयारी है. प्रबंधन कर्मचारियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस बदलाव को लागू करना चाहता है. इसके साथ ही, प्लांट में डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाया जा रहा है और नई परियोजनाओं से रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे.

जमशेदपुर : टाटा स्टील के जमशेदपुर प्लांट में दोपहिया वाहनों की इंट्री पूरी तरह बंद होगी. इसको लेकर टाटा वर्कर्स यूनियन से बात चल रही है. साइकिल को जैसे बंद किया गया वैसे ही मोटर साइकिल की इंट्री रोकी जाएगी. यह जानकारी टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट जमशेदपुर ऑपरेशन चैतन्य भानू ने दी. चैतन्य भानू टाटा स्टील के स्वतंत्रता दिवस समारोह में झंडा फहराने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे. उन्होंने कहा - जमशेदपुर प्लांट पुराना है. यहां पर मोटरसाइकिल की इंट्री घातक हो सकती है. सेफ्टी को देखते हुए मोटरसाइकिल की इंट्री को प्रबंधन रोकना चाहता है. कंपनी प्रबंधन का प्रयास है कि कर्मचारियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आपसी सहमति से इस बदलाव को लागू किया जाए. प्रबंधन का मानना है कि प्लांट की सड़कों पर भारी वाहनों की आवाजाही और यातायात व्यवस्था को देखते हुए यह कदम दुर्घटनाओं के जोखिम को कम करने में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है.

प्लांट में बढ़ रहा डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल

टाटा स्टील उत्पादन और सुरक्षा व्यवस्था को डिजिटल तकनीक से जोड़ने पर तेजी से काम कर रही है. प्लांट की मशीनों में आधुनिक सेंसर लगाए जा रहे हैं, जिनसे मशीनों की स्थिति और वाइब्रेशन की जानकारी रियल टाइम में मोबाइल पर प्राप्त की जा सकती है. इससे संभावित खराबी का पहले ही पता लगाकर ब्रेकडाउन को कम करने में मदद मिल रही है. सिंटर और पेलेट प्लांट समेत कई क्षेत्रों में रिमोट कंट्रोल व्यवस्था विकसित की जा रही है. इससे कर्मचारियों को खतरनाक क्षेत्रों में लगातार मौजूद रहने की जरूरत कम होगी.

नयी तकनीक के लिए नयी बहाली भी होगी

चैतन्य भानू ने कहा - झारखंड में विभिन्न परियोजनाओं के तहत कंपनी करीब 10 हजार करोड़ रुपये का निवेश कर रही है. कंपनी भारतीय परिचालन की इस्पात उत्पादन क्षमता को वर्तमान 27.35 मिलियन टन प्रतिवर्ष से बढ़ाकर 40 मिलियन टन प्रतिवर्ष करने की दिशा में काम कर रही है निवेश में ग्रीन स्टील उत्पादन और नई तकनीकों को प्राथमिकता दी जा रही है. जमशेदपुर में हिसारना और इजीमेल्ट तकनीक से जुड़ी परियोजनाओं पर करीब 7 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाने की योजना है. नीदरलैंड में करीब एक दशक तक तकनीकी परीक्षण के बाद जमशेदपुर में एक मिलियन टन क्षमता वाला हिसारना पायलट प्लांट स्थापित करने की दिशा में काम चल रहा है. इससे कार्बन उत्सर्जन में करीब 20 प्रतिशत तक कमी और भारतीय कोकिंग कोल के बेहतर उपयोग की उम्मीद है. वहीं, टिनप्लेट कंपनी ऑफ इंडिया लिमिटेड में नई एक्स्ट्रा लाइन के लिए करीब 2,500 से 2,600 करोड़ रुपये तथा कॉम्बी मिल के विस्तार के लिए करीब 1,500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है. इन परियोजनाओं से करीब 2 हजार प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है. नई तकनीक के संचालन और रखरखाव के लिए कर्मचारियों को देश-विदेश में प्रशिक्षण भी दिया जाएगा. इसके लिए भी तकनीक के जानकारों की बहाली की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ब्रजेश सिंह

ब्रजेश सिंह. प्रभात खबर से कई सालों से जुड़े हुए है. 29 सालों का पत्रकारिता का अनुभव है. औद्योगिक, ट्रेड यूनियन, क्राइम, प्रशासनिक, सरकार, राजनीति के जानकार है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >