घाटशिला : सावन में भगवान के दर्शन और जलाभिषेक की आस लेकर घर से निकले तीन दोस्तों को क्या पता था कि सफर इतना दर्दनाक मोड़ ले लेगा. ओडिशा में सड़क हादसे ने आजाद कालिंदी की जिंदगी छीन ली, जबकि सैयम जिंदगी और मौत से जूझ रहा है. सोमवार को शव घर पहुंचते ही इलाका मातम में डूब गया.
शव घर पहुंचते ही मची चीख-पुकार
दरअसल, घाटशिला थाना क्षेत्र की धरमबहाल पंचायत अंतर्गत लालडीह व मनोहर कॉलोनी के तीन दोस्त जलाभिषेक के लिए ओडिशा के सिमलेश्वर व चेतेश्वर मंदिर गये थे. वहां रविवार रात सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गयी. वहीं, दो की हालत गंभीर है. दरअसल, ओडिशा के बॉम्बे चौक के समीप हुए हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गये थे. उन्हें तुरंत बारीपदा अस्पताल ले जाया गया था. बारीपदा अस्पताल में मनोहर कॉलोनी निवासी 20 वर्षीय आजाद कालिंदी की मौत हो गयी. सोमवार की शाम जैसे ही उसका शव घर पहुंचा, परिजनों में कोहराम मच गया. पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गयी.
एक साल पहले हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार, आजाद कालिंदी राजू कालिंदी का भांजा था. उसकी शादी 15 अगस्त 2025 को हुई थी. कम समय में पति की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. उसका अंतिम संस्कार पैतृक गांव में कर दिया गया.
सैयम की स्थिति गंभीर, रांची में जारी है इलाज
दुर्घटना में धरमबहाल पंचायत के लालडीह निवासी 18 वर्षीय सैयम शर्मा की हालत बेहद नाजुक है. बारीपदा अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए रांची के एक अस्पताल के लिए रेफर किया है. यहां उसका इलाज चल रहा है. स्थानीय निवासी गोपाल शर्मा और गणेश नायक ने बताया कि सैयम की गंभीर स्थिति को देखते हुए परिजन भी रांची पहुंच चुके हैं.
चिरंजीत को मिली अस्पताल से छुट्टी
वहीं, हादसे में मनोहर कॉलोनी के रहने वाले चिरंजीत नायक को चोटें आयी थीं. बारीपदा अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने डिस्चार्ज कर दिया. इसके बाद सुरक्षित घर लौट आया है. दुर्घटना से लालडीह और मनोहर कॉलोनी दोनों गांवों में गहरा मातम पसरा हुआ है.
