परंपरागत और साहित्यिक धरोहर को समझने का अवसर प्रदान करता है बुक फेयर
करनडीह में जाहेरथान कमेटी, दिशोम जाहेर करनडीह की ओर से पहली बार ट्राइबल बुक फेयर का आयोजन किया जा रहा है.जिसमें संताली, हो, भूमिज समेत अन्य जनजातीय भाषाओं की पुस्तकों को लाया गया है
By Prabhat Khabar News Desk | Updated at :
करनडीह में पहली बार तीन दिवसीय ट्राइबल बुक फेयर का शुभारंभ
बुकफेयर में है संताली, हो, भूमिज समेत विभिन्न जनजातीय भाषाओं की पुस्तकें
जमशेदपुर:
करनडीह स्थित दिशोम जाहेरथान कैंपस में शुक्रवार को तीन दिवसीय ट्राइबल बुक फेयर का शुभारंभ किया गया. इसका आयोजन जाहेरथान कमेटी, दिशोम जाहेर करनडीह एवं ऑल इंडिया ट्राइबल बुक सेलर एंड पब्लिशर्स वेलफेयर फोरम के सहयोग से किया जा रहा है. मौके पर बतौर मुख्य अतिथि पूर्व सांसद सह वरिष्ठ झारखंड आंदोलनकारी शैलेंद्र महतो एवं विशिष्ट अतिथि कालीपोदो हेंब्रम, सीआर माझी, माझी युवराज टुडू, कुशल हांसदा व वीरप्रताप मुर्मू मौजूद थे. मुख्य अतिथि शैलेंद्र महतो ने कहा कि साहित्य किसी समाज का मनोवैज्ञानिक, सांस्कृतिक और सामाजिक दृष्टिकोण का आईना होता है. इसके माध्यम से हम एक समाज की भावनाओं, सोच, और विचारों को समझ सकते हैं. जनजातीय साहित्यों में संताली साहित्य का एक विशेष स्थान है. उन्होंने कहा कि संताली साहित्यकारों ने साहित्य सृजन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है. उनके द्वारा लिखी गयी कहानियां, कविताएं और नाटक उनके समुदाय के जीवन की अनुभूतियों को साझा करती हैं और उन्हें अधिक विशेषता प्रदान करती हैं. समृद्ध संस्कृति और समृद्ध समाज के निर्माण के लिए साहित्य सृजन का कार्य निरंतर जारी रखें. इसलिए साहित्यकारों को उनके सृजन के कार्य को समर्थन और प्रोत्साहित करना हम सबों की जिम्मेदारी है.कार्यक्रम का संचालन जाहेरथान कमेटी के रवींद्रनाथ मुर्मू ने की.कार्यक्रम को सफल बनाने में बाबुराम सोरेन, शंकर हेंब्रम, गणेश टुडू, जोबा मुर्मू, ताला टुडू, डोमन टुडू आदि सराहनीय योगदान दे रहे हैं.
पारंपरिक वाद्ययंत्र व परिधान का भी लगेगा स्टॉल:
ट्राइबल बुक फेयर में पारंपरिक वाद्ययंत्र, तीर-धनुष और परिधान का भी स्टॉल लगा है. पुस्तक प्रेमी अपनी पारंपरिक चीजों को सामने से देख रहे हैं और उन्हें खरीद भी रहे हैं. बुक फेयर परंपरागत और साहित्यिक धरोहर को समझने का एक अवसर भी प्रदान कर रहा है. पहले ही दिन से सभी स्टॉलों में पुस्तक प्रेमियों की अच्छी खासी भीड़ जुट रही है.
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।