Jamshedpur News : अफवाह फैलायी, तो बख्शे नहीं जायेंगे, ड्रोन से होगी निगरानी
बकरीद पर्व-2026 को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं आपसी भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शुक्रवार को सिदगोड़ा टाउन हॉल में शांति समिति की जिला स्तरीय वार्षिक बैठक हुई.
सिदगोड़ा टाउन हॉल में बकरीद को लेकर शांति समिति की हुई वार्षिक बैठक
सोशल मीडिया पर पैनी नजर, संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा के लिए ड्रोन का इस्तेमाल करेगा प्रशासन
Jamshedpur News :
बकरीद पर्व-2026 को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं आपसी भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शुक्रवार को सिदगोड़ा टाउन हॉल में शांति समिति की जिला स्तरीय वार्षिक बैठक हुई. लगभग एक घंटे तक चली उच्चस्तरीय बैठक में तय हुआ कि संवेदनशील इलाकों पर ड्रोन से निगरानी की जायेगी. एसपी ने बताया कि शहर के संवेदनशील स्थलों को चिह्नित कर लिया गया है, जहां विशेष निगरानी की जायेगी. बैठक में उपायुक्त राजीव रंजन ने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं ससमय सुनिश्चित की जा रही हैं. इसके लिए अधिकारियों के बीच जिम्मेदारियां बांट दी गयी हैं. उन्होंने जिलेवासियों से अपील की है कि सभी लोग आपसी सौहार्द के साथ पर्व मनाएं और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करें. उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को पर्व के दौरान चौबीसों घंटे सतर्क और सक्रिय रहने का कड़ा निर्देश दिया है. बिजली, पानी और साफ-सफाई को लेकर नगर निकायों और बिजली विभाग को विशेष टास्क दिया गया है. साथ ही किसी भी अप्रिय घटना या समस्या की सूचना के लिए कंट्रोल रूम को एक्टिव किया जा रहा है.
भ्रामक खबरों का प्रशासन से कराएं सत्यापन : एसडीओ
धालभूम एसडीओ अर्नव मिश्रा ने कहा कि शांतिपूर्ण आयोजन में सभी का सहयोग अपेक्षित है. सोशल मीडिया के माध्यम से किसी भी अपुष्ट या भ्रामक खबर को प्रसारित न करें. अफवाहों पर ध्यान देने के बजाय सीधे प्रशासन से उसका सत्यापन कराएं.
हुड़दंगियों से सख्ती से निपटेगी पुलिस : ललित मीणा
सिटी एसपी ललित मीणा ने असामाजिक तत्वों को कड़ी चेतावनी दी. उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान शहर की शांति भंग करने की कोशिश करने वालों और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डालने वालों पर पुलिस की साइबर सेल और स्थानीय थाना पैनी नजर रख रहा है. अफवाह फैलाने वालों पर त्वरित और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
शांति समिति ने दिया सहयोग का भरोसा
बैठक में मौजूद शांति समिति के प्रबुद्ध सदस्यों ने आश्वस्त किया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी जमशेदपुर में बकरीद का त्योहार सौहार्द के बीच मनाया जायेगा.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.