जमशेदपुर: टाटा स्टील के नये चीफ इंफॉर्मेशन ऑफिसर (आइएल-1) मनीष गर्ग होंगे. वह वर्तमान चीफ इंफॉर्मेशन ऑफिसर (आइएल-1) जयंत बनर्जी की सेवानिवृत्ति के बाद नवंबर से पदभार संभालेंगे. फिलहाल मनीष गर्ग चीफ इंफॉर्मेशन ऑफिसर (डेजिग्नेट आइएल-2) के पद पर कार्यरत हैं.
पदोन्नति के बाद मनीष गर्ग सीधे कंपनी के सीइओ सह प्रबंध निदेशक टीवी नरेंद्रन को रिपोर्ट करेंगे. वह जमशेदपुर मुख्यालय से अपना कामकाज संभालेंगे.
वहीं, जयंत बनर्जी ने टाटा ग्रुप के साथ 33 वर्षों से अधिक के लंबे सफर का समापन करने का निर्णय लिया है. कंपनी के सीइओ सह प्रबंध निदेशक टीवी नरेंद्रन ने मनीष गर्ग की नियुक्ति और जयंत बनर्जी की सेवानिवृत्ति को लेकर आधिकारिक घोषणा की.
कौन हैं मनीष गर्ग
मनीष गर्ग टाटा ग्रुप से पिछले 29 वर्षों से अधिक समय से जुड़े हुए हैं. टाटा स्टील में शामिल होने से पहले वह टीसीएस में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. शैक्षणिक क्षेत्र में भी उनका ट्रैक रिकॉर्ड शानदार रहा है. उन्होंने एसजीएसआइटीएस इंदौर, आइआइटी कानपुर और आइआइटी दिल्ली जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से मैकेनिकल, थर्मल साइंसेज एंड फ्लूइड मैकेनिक्स तथा सोशल एंड बिहेवियरल साइंसेज में उच्च शिक्षा हासिल की है.
जयंत बनर्जी के योगदान को सराहा
सीइओ सह प्रबंध निदेशक टीवी नरेंद्रन ने आधिकारिक घोषणा करते हुए कहा कि जयंत बनर्जी का टाटा स्टील के ‘वन आइटी’ विजन को साकार करने में बेहद महत्वपूर्ण योगदान रहा है. उनके दूरदर्शी नेतृत्व और निरंतर प्रयासों से संगठन को अभूतपूर्व लाभ मिला है. प्रबंध निदेशक ने कंपनी की ओर से उन्हें शुभकामनाएं दी हैं.
