जमशेदपुर : टाटा स्टील के कर्मचारियों के लिए वेतन समझौते (वेज रिवीजन) के बाद बुधवार का दिन अहम रहने वाला है. कंपनी के कर्मचारियों को नई फिटमेंट स्लिप जारी की जाएगी. इस स्लिप के माध्यम से प्रत्येक कर्मचारी को यह स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी कि वेतन समझौते के तहत उसके मूल वेतन, विभिन्न भत्तों और एरियर में कितनी बढ़ोतरी हुई है. लंबे समय से वेज रिवीजन के बाद संशोधित वेतन का इंतजार कर रहे कर्मचारियों के लिए फिटमेंट स्लिप व्यक्तिगत वेतन संरचना को समझने का महत्वपूर्ण दस्तावेज होगी.नई फिटमेंट स्लिप में वेज रिवीजन के प्रभावी होने की तिथि से लेकर अब तक के संशोधित वेतन और बकाया राशि का पूरा विवरण शामिल रहेगा. इसके जरिए कर्मचारी यह देख सकेंगे कि वेतन समझौते का उनके व्यक्तिगत पे-स्ट्रक्चर पर कितना असर पड़ा है.
संशोधित वेतन और एरियर की जानकारी मिलेगी
कर्मचारी अपने ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से फिटमेंट स्लिप डाउनलोड या प्राप्त कर सकेंगे. स्लिप जारी होने के बाद कर्मचारी अपने पुराने और संशोधित वेतन के बीच अंतर को भी आसानी से समझ सकेंगे. खास तौर पर एरियर की गणना को लेकर कर्मचारियों के बीच बनी जिज्ञासा भी फिटमेंट स्लिप मिलने के बाद दूर होने की उम्मीद है. वेज रिवीजन के तहत संशोधित वेतन के साथ एरियर की राशि भी कर्मचारियों को मिलने वाली है. यह राशि आगामी वेतन चक्र (पे साइकिल) के साथ कर्मचारियों के बैंक खातों में जमा की जाएगी. यानी फिटमेंट स्लिप के जरिए जहां कर्मचारियों को अपने संशोधित वेतन और एरियर की जानकारी मिलेगी, वहीं अगले पे साइकिल में इसका वित्तीय लाभ भी उनके खातों तक पहुंचने लगेगा.
