Jamshedpur News : टाटा स्टील : कोक प्लांट में जमींदोज हुआ बैटरी-7 का कोल टावर, 12:05 बजे सफल इम्प्लोशन
वाटरफॉल इफेक्ट तकनीक से पलक झपकते ढहा विशालकाय ढांचा
नोएडा ट्विन टावर गिराने वाली एजेंसी ने दिखाया दम
Jamshedpur News :
टाटा स्टील ने अपने आधुनिकीकरण और सुरक्षा सुदृढ़ीकरण अभियान के तहत रविवार को एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की. जमशेदपुर प्लांट स्थित कोक प्लांट की बैटरी नंबर-7 के पुराने और जर्जर कोल टावर को दोपहर 12:05 बजे अत्याधुनिक वाटरफॉल इफेक्ट (नियंत्रित ध्वस्तीकरण) तकनीक के माध्यम से सफलतापूर्वक ध्वस्त कर दिया गया. महज कुछ ही सेकंड के भीतर विशालकाय कंक्रीट का ढांचा इतिहास के पन्नों में सिमट गया.
एडिफिस इंजीनियरिंग ने संभाली कमान
ध्वस्तीकरण कार्य को विशेषज्ञ एजेंसी एडिफिस इंजीनियरिंग इंडिया ने अंजाम दिया. यह वही एजेंसी है. जिसने नोएडा के बहुचर्चित ट्विन टावर और इससे पूर्व टाटा स्टील की पुरानी चिमनियों को जमींदोज करने में विशेषज्ञता दिखायी थी. उन्नत इंजीनियरिंग कौशल का परिचय देते हुए पूरी प्रक्रिया को इस तरह डिजाइन किया गया था कि आसपास के सक्रिय प्लांट और पर्यावरण पर इसका प्रभाव नगण्य रहे.
सुरक्षा के रहे अभेद्य इंतजाम, वाटर कर्टन से धूल पर पाया काबू
धमाके के दौरान सुरक्षा को लेकर कंपनी प्रबंधन और जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा. जीरो एक्सीडेंट के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के कड़े घेरे बनाये गये थे. मलबे से उठने वाली धूल को दबाने के लिए आधुनिक वाटर कर्टन (पानी के फव्वारे) का व्यापक उपयोग किया गया. ध्वस्तीकरण क्षेत्र की निर्धारित परिधि में किसी भी व्यक्ति का प्रवेश वर्जित था.
राजेश कुमार सिंह, 19 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्य कर रहे है. कटिहार जिला के मनिहारी अनुमंडल से प्रिंट के साथ डिजिटल में तीन वर्षों से कार्य कर रहे हैं. राजनीति, समाजिक क्षेत्र में गहरी रूचि रखते हैं.