जमशेदपुर : स्वतंत्रता दिवस पर टेल्को स्थित सुमंत मूलगांवकर स्टेडियम में तिरंगा फहराया गया. साथ ही भविष्य की औद्योगिक चुनौतियों और अवसरों पर भी विस्तार से चर्चा हुई. टाटा मोटर्स जमशेदपुर प्लांट के प्लांट हेड अनुराग छारिया ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए एआई, ऑटोमेशन, स्किल अपग्रेडेशन, सुरक्षा और ग्रीन मैन्युफैक्चरिंग को भविष्य की सबसे बड़ी जरूरत बताया. समारोह के दौरान अनुराग छारिया ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी. उन्होंने कहा कि आज का लक्ष्य केवल उत्पादन बढ़ाना नहीं, बल्कि बेहतर उत्पादकता, उच्च गुणवत्ता और न्यूनतम लागत के साथ काम करना है. उन्होंने कहा कि ऊर्जा, पानी और संसाधनों की बर्बादी को रोकना हम सभी की जिम्मेदारी है.
प्रबंधन व यूनियन के बीच मजबूत साझेदारी कंपनी की बड़ी ताकत
उन्होंने प्रबंधन और यूनियन के बीच मजबूत साझेदारी को कंपनी की सबसे बड़ी ताकत बताया. उनका कहना था कि आपसी विश्वास और सहयोग के बल पर किसी भी चुनौती का सामना किया जा सकता है. प्लांट हेड ने कहा कि ऑटोमेशन, डेटा एनालिटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और प्रेडिक्टिव मेंटेनेंस अब उद्योगों की अनिवार्य जरूरत बन चुके हैं. उन्होंने कर्मचारियों से लगातार नई तकनीक सीखने और खुद को समय के साथ अपडेट रखने की अपील की. उन्होंने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि आज के छात्र ही भविष्य के वैज्ञानिक, इंजीनियर और उद्यमी बनेंगे. इसलिए उन्हें तकनीक, पर्यावरण और नागरिक सुरक्षा के प्रति शुरू से ही जागरूक करना जरूरी है.
कार्यस्थल पर सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील
कार्यस्थल और सड़कों पर सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील करते हुए उन्होंने हेलमेट और सीटबेल्ट के इस्तेमाल पर जोर दिया. साथ ही वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी. पर्यावरण संरक्षण, जल और ऊर्जा बचाने तथा स्वच्छता को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि जमशेदपुर में बनने वाला हर ट्रक आत्मनिर्भर भारत और देश की आर्थिक प्रगति का प्रतीक है. उन्होंने सभी कर्मचारियों, यूनियन सदस्यों और शहरवासियों से संस्थान और देश को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया.
