जमशेदपुर : गोलमुरी चौक के पास मंगलवार की रात SUV कार सवार युवकों ने जमकर उत्पात मचाया. सड़क पर खड़ी कार हटाने को कहने पर विवाद इतना बढ़ गया कि युवकों ने महिला अधिवक्ता की कार में तोड़फोड़ कर दी. आरोप है कि युवकों ने उनके नाबालिग बेटे के साथ मारपीट भी की. घटना के वक्त कार में महिला अधिवक्ता के तीन बच्चे भी मौजूद थे, जिससे वे काफी डर गये. घटना को लेकर सोनारी के बाल बिहार निवासी महिला अधिवक्ता विजिता टोपनो ने गोलमुरी थाना में लिखित शिकायत दी है.
रास्ता जाम होने पर कार हटाने को कहा, तो शुरू हुआ विवाद
विजिता टोपनो के अनुसार, मंगलवार रात वह अपने बेटे का दांत का इलाज कराने के लिए गोलमुरी जा रही थीं. कार में उनकी ढाई साल की बेटी समेत तीन बच्चे सवार थे. पेट्रोल पंप के बगल वाले रास्ते से ऊपर चढ़ने के दौरान सड़क पर एक SUV खड़ी थी. SUV में चार युवक सवार थे और उनकी वजह से रास्ता जाम हो गया था. महिला अधिवक्ता ने युवकों से कार किनारे करने को कहा. आरोप है कि इस पर युवक गाली-गलौज करने लगे. जब उनके बेटे ने गाली देने से मना किया, तो युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी.
बेसबैट से कार का शीशा तोड़ने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, विवाद के दौरान एक युवक ने बेसबैट से महिला अधिवक्ता की कार का शीशा तोड़ दिया. इस दौरान युवकों ने सड़क पर काफी देर तक हंगामा किया. घटना के बाद सभी युवक SUV लेकर मौके से फरार हो गये. विजिता टोपनो ने बताया कि घटना के दौरान आसपास काफी लोग मौजूद थे. कुछ दूरी पर ट्रैफिक पुलिस के जवान भी खड़े थे. उन्होंने ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद उन्हें गोलमुरी थाना में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गयी.
बच्चों में दहशत का माहौल
महिला अधिवक्ता के अनुसार, घटना के समय कार में उनके तीनों बच्चे मौजूद थे. युवकों के हंगामे और तोड़फोड़ से बच्चे काफी डर गये. उन्होंने कहा कि भीड़ की मौजूदगी के बावजूद युवक लगातार उत्पात मचाते रहे. पुलिस को दी गयी लिखित शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है.
