जमशेदपुर: टेल्को स्थित खडंगाझाड़ झंडा चौक में पूर्व मंत्री व झामुमो के कद्दावर नेता स्वर्गीय रामदास सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर उनकी भव्य आदमकद प्रतिमा स्थापित की जाएगी. इस प्रतिमा का निर्माण राजस्थान के विशेष संगमरमर (मार्बल) से कुशल कारीगरों द्वारा कराया गया है. 15 अगस्त को दोपहर 1:30 बजे पूरे विधि-विधान और धार्मिक अनुष्ठान के साथ इस प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा. इस आयोजन को लेकर क्षेत्र के लोगों और झामुमो कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है.
मुख्यमंत्री करेंगे प्रतिमा का अनावरण
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत कोल्हान के सभी दिग्गज नेता होंगे शामिल घाटशिला के विधायक सह स्व. रामदास सोरेन के सुपुत्र सोमेश चंद्र सोरेन ने बताया कि प्रतिमा अनावरण समारोह के लिए राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को आमंत्रित किया गया है. मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में शामिल होने की अपनी सहमति प्रदान कर दी है, हालांकि उनके आधिकारिक मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम का इंतजार है. समारोह में कोल्हान प्रमंडल के सभी मंत्री, विधायक और वरिष्ठ जन प्रतिनिधि शिरकत करेंगे. इसके अलावा, पूर्वी सिंहभूम जिले के सभी प्रखंडों से झामुमो के अध्यक्ष, सचिव और हजारों कार्यकर्ता दलबल के साथ इस पल के गवाह बनेंगे.
सर्वमान्य व लोकप्रिय जननेता के रूप में याद किए जाते हैं रामदास सोरेन स्वर्गीय रामदास सोरेन केवल पूर्वी सिंहभूम जिले के ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड के एक सर्वमान्य और हरदिल अजीज नेता थे. उन्होंने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में जनसेवा और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को हमेशा प्राथमिकता दी. कार्यकर्ताओं के साथ उनका आत्मीय जुड़ाव और जनता के प्रति समर्पण ही उनकी सबसे बड़ी पहचान थी. खडंगाझाड़ में उनकी प्रतिमा की स्थापना उनके प्रति जनता के असीम श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक है, जो आने वाली पीढ़ियों को उनके आदर्शों और पदचिह्नों पर चलने की प्रेरणा देती रहेगी.
