पहली मासिक बैठक में एसएसपी की कड़ी चेतावनी : अवैध धंधा हुआ, तो थानेदार पर होगी कार्रवाई

जमशेदपुर के एसएसपी ने पहली बैठक में अवैध धंधों पर रोक लगाने के सख्त निर्देश दिए। लापरवाही बरतने वाले थानेदारों पर होगी कड़ी कार्रवाई।

वरीय संवाददाता, जमशेदपुर

जिले के एसएसपी ने प्रभार संभालने के बाद पहली मासिक अपराध समीक्षा बैठक की. बैठक में उन्होंने अपराध नियंत्रण समेत पुलिस व थानेदार की कार्यशैली को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. वहीं, लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी. बैठक में सिटी एसपी ललित मीना और ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल समेत जिला के सभी डीएसपी मौजूद थे. एसएसपी ने दो टूक कहा कि यदि किसी भी थाना क्षेत्र में अवैध जुआ, लॉटरी, ड्रग्स या बालू का अवैध कारोबार पाया गया, तो संबंधित थाना प्रभारी सीधे तौर पर जिम्मेदार माने जायेंगे.

सरकारी मोबाइल बंद रखा तो कार्रवाई

सभी थाना प्रभारियों व अंचल निरीक्षकों को आवंटित सरकारी मोबाइल किसी भी परिस्थिति में बंद नहीं रखने का सख्त निर्देश दिया गया है, ताकि जनता शिकायत कर सके. इन नंबरों को सार्वजनिक स्थानों पर चिपकाया जायेगा.

अपराधियों पर सीसीए व गश्ती

सक्रिय अपराधियों के विरुद्ध सीसीए /थाना हाजिरी का प्रस्ताव भेजा जायेगा. पीसीआर और गश्ती दल एक जगह खड़े नहीं रहेंगे, बल्कि लगातार मूवमेंट में रहकर बैंकों, एटीएम और वित्तीय संस्थानों पर नजर रखेंगे. वहीं, आर्म्स एक्ट समेत अवैध हथियार के खिलाफ लगातार क्षेत्र में अभियान चलाकर कार्रवाई करेंगे.

पिंक पेट्रोलिंग व मनचलों पर नकेल

महिला थाना प्रभारियों को स्कूल, कॉलेज और पार्कों के सामने मनचलों और चेन छिनतई करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने और खुद गश्ती करने का निर्देश दिया गया.

पॉक्सो व महिला अपराध

महिलाओं व बच्चों से जुड़े अपराध और पॉक्सो एक्ट के मामलों में हर हाल में 60 दिनों के भीतर अनुसंधान पूरा कर चार्जशीट दाखिल करने का अल्टीमेटम दिया गया है.

चेकिंग के नाम पर लोगों को परेशान ना करें पुलिसकर्मी

एसएसपी ने साफ हिदायत दी है कि चेकिंग के नाम पर आम लोगों को पुलिस परेशान ना करे. ब्लैक फिल्म, मॉडिफाई साइलेंसर और रैश ड्राइविंग के खिलाफ अभियान चलायेंगे. वहीं, लोगों को ट्रैफिक के प्रति जागरूक करें.

स्कूल-कॉलेज में छात्रों को साइबर अपराध के प्रति करें जागरूक

साइबर डीएसपी और थाना प्रभारी स्कूल व कॉलेज के छात्र -छात्राओं के बीच साइबर अपराध को लेकर जागरुकता अभियान चलायेंगे.

सामुदायिक पुलिसिंग

सामुदायिक पुलिसिंग के तहत ग्रामीण क्षेत्र, स्कूल-कॉलेज में लोगों की सहभागिता को बढ़ायें.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Shyam narayan jha

Published by: Sweta Vaidya

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >