jamshedpur news : निजी स्कूलों की 25% आरक्षित सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया पूरी, लॉटरी से 1205 बच्चों का चयन

लॉटरी के माध्यम से चयनित सभी बच्चों की सूची आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड

jamshedpur news : शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत पूर्वी सिंहभूम जिले के निजी स्कूलों में गरीब एवं अभिवंचित वर्ग के बच्चों के नामांकन की प्रतीक्षा सोमवार को समाप्त हो गयी. उपायुक्त कार्यालय में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में आयोजित एक पारदर्शी लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से कुल 1205 बच्चों का अंतिम रूप से चयन किया गया. लॉटरी के माध्यम से चयनित सभी बच्चों की सूची आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी गयी है, जहां अभिभावक अपने बच्चों का नाम देख सकते हैं. उपायुक्त ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे नामांकन प्रक्रिया की निगरानी करें, ताकि किसी भी अभिभावक को स्कूल स्तर पर परेशानी न हो. चार माह की लंबी प्रक्रिया के बाद हुआ चयन जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय द्वारा पिछले चार महीनों से इस नामांकन प्रक्रिया को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित किया जा रहा था. इस वर्ष जिले के विभिन्न निजी स्कूलों में आरक्षित 25 प्रतिशत सीटों के लिए कुल 3085 आवेदन प्राप्त हुए थे. विभाग द्वारा सभी आवेदनों की गहनता से स्क्रूटनी (जांच) की गयी, जिसमें से 2515 आवेदन वैध पाये गये. इन्हीं वैध आवेदनों के बीच लॉटरी निकाली गयी. अभिभावकों से लिये गये थे तीन-तीन स्कूलों के विकल्प जिला शिक्षा अधीक्षक आशीष कुमार पांडेय ने बताया कि पूरी प्रक्रिया को अत्यंत पारदर्शी रखा गया है. नियमों के अनुसार, प्रत्येक उम्मीदवार को अपनी इच्छा के अनुसार तीन-तीन स्कूलों का विकल्प चुनने की सुविधा दी गयी थी. बच्चे के घर व उनके पोषक क्षेत्र के आसपास के स्कूलों में ही उनका चयन किया गया है. इससे पूर्व सभी के दस्तावेजों की गहनता से जांच करवायी गयी है. गर्मी की छुट्टी से पहले नामांकन अनिवार्य प्रशासन ने स्कूलों और अभिभावकों को स्पष्ट निर्देश जारी किया है. जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि चयनित सभी बच्चों का नामांकन गर्मी की छुट्टी से पूर्व संबंधित स्कूलों में सुनिश्चित कर लिया जाए, ताकि बच्चों की शैक्षणिक गतिविधियों में कोई बाधा न आए.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AKHILESH KUMAR

AKHILESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >