जमशेदपुर : कदमा थाना अंतर्गत एससीसी फ्लैट निवासी और टाटा स्टील के सेवानिवृत्त कर्मचारी शंकर दास (69) ने बुधवार सुबह फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है. पुलिस को मृतक की जेब से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है.
बेटे से कमरे में मिले फिर फांसी लगाकर दे दी जान
जानकारी के अनुसार, शंकर दास के दो बच्चे हैं. बुधवार सुबह उनका बेटा टाटा स्टील में नाइट ड्यूटी खत्म कर घर लौटा था. बेटे से मिलने के बाद शंकर दास अपने कमरे में चले गए. सुबह 8 बजे जब उनकी बहू कमरे में चाय लेकर पहुंची, तो उन्हें फंदे से लटकता देख सन्न रह गई. बहू के शोर मचाने पर परिजन पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं. इसके तुरंत बाद परिजनों ने घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी.
सुसाइड नोट में लिखा - बीमारी से परेशान होकर उठा रहा कदम
तलाशी के दौरान पुलिस को मृतक की जेब से एक हस्तलिखित सुसाइड नोट मिला. पत्र में उन्होंने स्पष्ट किया है कि वे लंबे समय से अपनी बीमारी से परेशान थे और इसी वजह से यह आत्मघाती कदम उठा रहे हैं. उन्होंने लिखा कि इस घटना के लिए वे स्वयं जिम्मेदार हैं और इसमें किसी अन्य का कोई दोष नहीं है. थाना प्रभारी दिलीप यादव ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पुलिस मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी है.
