जमशेदपुर. जमशेदपुर फुटबॉल क्लब की रिजर्व टीम ने गुरुवार को शिलांग के वाहियाजर स्टेडियम में खेले गये रिलायंस फाउंडेशन डेवलपमेंट लीग (आरएफडीएल) जोनल राउंड के अपने अंतिम मैच में शिलांग लाजोंग को 4-1 से मात दी. राष्ट्रीय ग्रुप स्टेज के लिए पहले ही क्वालिफाई कर चुकी जेएफसी की रिजर्व टीम अंक तालिका में तीसरे स्थान पर रही. अब जेएफसी रिजर्व टीम 23 मार्च से मुंबई में राष्ट्रीय ग्रुप स्टेज के मुकाबले खेलेगी. मैच के 29वें मिनट में जुआला ने एल्विन के सटीक क्रॉस को गोल में बदलकर जेएफसी को पहली बढ़त दिलायी. 39वें मिनट में जुआला ने अपना और अपनी टीम के लिए दूसरा गोल किया. दूसरे हाफ में जमशेदपुर एफसी ने अपना दबदबा जारी रखा. ज़ुआला ने 58वें मिनट में शानदार गोल करते हुए अपनी हैट्रिक पूरी की और जेएफसी की बढ़त 3-0 कर दी. जुआला टूर्नामेंट में दूसरे सर्वोच्च गोल स्कोरर बन गये हैं. उनके गोलों की संख्या नौ हो गयी है. 62वें मिनट में रिकी ने शिलांग के लिए गोल दागकर अपनी टीम की उम्मीद जगायी. लेकिन, 67वें मिनट में सेरम ने गोल दगाकर जेएफसी को मुकाबले में 4-1 की अजेय बढ़त दिला दी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
