जमशेदपुर. जमशेदपुर फुटबॉल क्लब की रिजर्व टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रिलायंस फाउंडेशन डेवलपमेंट लीग (आरएफडीएल) के नेशनल ग्रुप स्टेज राउंड के लिए क्वालिफाई कर लिया है. इस लीग के इतिहास में यह पहला मौका है. जब, जेएफसी रिजर्व ने नेशनल राउंड में अपनी जगह बनायी है. सोमवार को शिलांग के वाहियाजर स्टेडियम में खेले गये जोनल राउंड (नॉर्थ-ईस्ट) के एक बेहद रोमांचक मैच में जेएफसी रिजर्व की टीम ने आइजोल एफसी को 2-1 से मात दी. दोनों ही टीमें निर्धारित समय (90 मिनट) तक 1-1 गोल के साथ बराबरी पर रही. अतिरिक्त समय में जेएफसी के विवान ज्योति लश्कर (90 5 मिनट) ने एक बेहतरीन गोल करते हुए अपनी टीम को जीत दिलायी. हाफ टाइम तक दोनों ही टीमें बिना गोल के बराबरी पर रही. 54वें मिनट में फेला के गोल की मदद से आइजोल एफसी ने बढ़त हासिल की. 77वें मिनट में रेमसन सिंह ने बेहतरीन गोल करते हुए जेएफसी को मुकाबले में 1-1 गोल की बारबरी दिला दी. इस महत्वपूर्ण जीत के साथ, जमशेदपुर एफसी 13 अंकों के अर्जित करते हुए अंकतालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गयी. वहीं, आइजोल की टीम 10 मैच में 12 अंक हासिल करते हुए चौथे स्थान पर रही. नॉर्थईस्ट जोनल राउंड से क्वालिफाई करने वाली टीमों में जेएफसी के अलावा नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी, क्लासिक एफए की टीम भी शामिल है. नेशनल राउंड के मुकाबले 23 मार्च से मुंबई में खेले जायेंगे. जेएफसी की टीम 27 फरवरी को नॉर्थ-ईस्ट जोनल राउंड के अपने अंतिम मैच में शिलांग लाजोंग से भिड़ेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
