Jamshedpur Crime News: झारखंड के जमशेदपुर के भुइयांडीह स्थित छायानगर में मंगलवार रात 9:30 बजे रामनवमी जुलूस के दौरान हिंसक घटना सामने आई है. इस घटना में दो युवक सन्नी पुष्टि और उसके साथी नंदू लोहार पर बदमाशों ने चापड़ और गोली से हमला किया. स्थानीय लोगों के चिल्लाने पर बस्ती में अफरा-तफरी मच गई और हमलावर मौके से फरार हो गए.
टीएमएच में घायलों का इलाज
बस्ती के लोगों ने दोनों घायल युवकों तुरंत टीएमएच अस्पताल पहुंचाया. वहां उनके घरवालों ने काफी हंगामा किया. घायलों का इलाज शुरू किया गया और पुलिस अधिकारी भी स्थिति का जायजा लेने अस्पताल पहुंचे.
कैसे दिया गया वारदात को अंजाम
छायानगर बस्ती के लोगों का कहना है कि हमलावरों की संख्या लगभग 10-12 थी. जुलूस के दौरान सन्नी पुष्टि और उसके साथियों का शुरू भुइयांडीह के एक स्थानीय युवक के साथ विवाद हुआ था, जो इस हमले का मुख्य कारण माना जा रहा है. सन्नी पुष्टि के गले पर चापड़ से वार किया गया, जिससे वह गिर पड़ा. नंदू लोहार को दो गोली लगीं, लेकिन वह भागने का प्रयास करता रहा. हालांकि, हमलावर उसे पीछे से खदेड़ते रहे. करीब 200 मीटर जाने के बाद नंदू सड़क पर गिर पड़ा.
पुरानी रंजिश में किया गया हमला
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी भोला प्रसाद सिंह और आनंद मिश्रा दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने मौके से दो गोली, हवाई चप्पल, टोपी और रुमाल बरामद किया. डीएसपी ने बताया कि घटना पुराने विवाद से जुड़ी हुई है और दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. फरार आरोपियों की तलाश और छापेमारी जारी है.
छोटे-मोटे विवादों में फंसते रहते हैं घायल
बस्ती के लोगों का कहना है कि सन्नी पुष्टि गैस सप्लाई का काम करता है, जबकि नंदू लोहार स्लैग चुनने का काम करता है. उन्होंने कहा कि दोनों अक्सर इलाके में छोटे-मोटे विवादों में फंसते रहते थे. रामनवमी जुलूस के दौरान उसी रंजिश का परिणाम यह हिंसा बनी.
इसे भी पढ़ें: रांची के भाभानगर में महिला के चेहरे पर कालिख पोतकर घुमाया, दो आरोपी गिरफ्तार
आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी
पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए छायानगर बस्ती में लगातार छापेमारी की जा रही है. डीएसपी भोला प्रसाद ने कहा कि सभी आरोपी स्थानीय बस्ती के बताए जा रहे हैं और जल्द ही उन्हें हिरासत में लिया जाएगा. इस तरह, जमशेदपुर में रामनवमी जुलूस के दौरान हुए इस हमले ने बस्तीवासियों में डर और सनसनी पैदा कर दी है और पुलिस पूरी सतर्कता के साथ मामले की जांच में जुटी हुई है.
इसे भी पढ़ें: देवघर के छात्रों का हैरतअंगेज कारनामा, अपहरण से लेकर ज्वैलरी पर करते हैं हाथ साफ
