जमशेदपुर से संजीव की रिपोर्ट
Qatar Gas Plant Explosion News: कतर के रास लाफान में एक गैस प्लांट में हुए भीषण धमाके में धातकीडीह निवासी राजा अली इमाम (45) की भी मौत हो गई है. वह कतर नेशनल फैसिलिटी सर्विसेज कंपनी में इंस्ट्रूमेंट तकनीशियन के रूप में कार्यरत थे. राजा अली धातकीडीह रोड नंबर-चार ए ब्लॉक का रहनेवाला था. दुर्घटना के बाद से ही उसके परिवार के लोग काफी परेशान थे. मंगलवार को जब उसकी मौत की आधिकारिक जानकारी मिली, तो उसकी पत्नी और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया.
पीछे छोड़ गए पत्नी और दो छोटे बच्चे
राजा अली इमाम अपने पीछे पत्नी, सात साल की एक बेटी और पांच साल के एक बेटा को छोड़ गया है. वह पिछले चार साल से कतर में कार्यरत था. कुछ समय पहले ही वह ईद की छुट्टी पर जमशेदपुर आया था और परिजनों के साथ त्योहार मनाकर कतर लौटा था. घटना के बाद से अभी तक उसका पार्थिव शरीर भी नहीं मिल पाया है. झारखंड आंदोलनकारी गुलरेज खान ने बताया कि राजा अली काफी मिलनसार था, कतर जाने से पहले वह सभी लोगों से मिलकर गया था. घटना के बाद से उसका पार्थिव शरीर भी नहीं मिल पाया है. इसको लेकर परिवार व रिश्तेदार काफी परेशान हैं.
रविवार रात हुआ हादसा
कतर के रास लाफान इंडस्ट्रियल एरिया स्थित मुख्य नेचुरल गैस एक्सपोर्ट टर्मिनल पर यह हादसा रविवार रात को हुआ. कतर के ऊर्जा मंत्री के अनुसार, बरजान पोर्ट पर हुए इस धमाके में अब तक कम से कम 13 लोगों की जान जाने की पुष्टि हो चुकी है. मरने वालों में भारत और पाकिस्तान के नागरिक भी शामिल हैं, जो वहां बड़ी संख्या में काम करते हैं. धमाके के बाद कतर के गृह मंत्रालय ने 18 लोगों के लापता होने और 54 लोगों के घायल होने की जानकारी दी थी.
यह भी पढ़ें: JSCA स्टेडियम में जेपीएल फाइनल के दौरान भगदड़, कई घायल; गेट पर तोड़फोड़
यह भी पढ़ें: झारखंड टी20 लीग फाइनल 2026: कब, कहां और कैसे फ्री में देखें छोटानागपुर रॉयल्स vs जमशेदपुर स्टीलर्स का मुकाबला?
यह भी पढ़ें: बिरसा मुंडा जेल में महिला कैदी के गर्भवती मामला: हाईकोर्ट में सीलबंद लिफाफे में पेश की गई रिपोर्ट
