पोटका के सिदिरसाई रेलवे स्टेशन के कायाकल्प के लिए हुआ भूमि पूजन

पोटका के सिदिरसाई रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के लिए भूमि पूजन संपन्न। 5 करोड़ की लागत से आधुनिक सुविधाओं का होगा निर्माण, जानें पूरी जानकारी।

प्रमुख संवाददाता,

जमशेदपुर दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल अंतर्गत पोटका प्रखंड स्थित सिदिरसाई रेलवे स्टेशन के नये भवन और पुनर्विकास कार्य का भूमि पूजन शनिवार को सांसद विद्युत वरण महतो और डीआरएम तरुण हुरिया ने संयुक्त रूप से किया. इस अवसर पर पूर्व विधायक मेनका सरदार समेत कई जनप्रतिनिधि और रेलवे अधिकारी मौजूद थे.

डीआरएम तरुण हुरिया ने बताया कि करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन का आधुनिक भवन बनाया जायेगा. बारिश के बाद सितंबर से निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है और इसे एक वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि स्टेशन का विस्तार कर पांच रेल लाइनें विकसित की जायेंगी. टिकट बुकिंग काउंटर, बेहतर यात्री सुविधाएं और स्टेशन को मुख्य सड़क से जोड़ने की व्यवस्था भी की जायेगी. इससे क्षेत्र के 50 से अधिक गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा.

भूमि पूजन के बाद सांसद और डीआरएम ने टाटानगर रेलवे स्टेशन तथा परसुडीह के मकदमपुर रेलवे फाटक का निरीक्षण किया. सांसद ने बताया कि टाटानगर-वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस के परिचालन को लेकर रेलवे मंत्रालय स्तर पर सकारात्मक पहल जारी है.

सालगाझरी स्टेशन का अनुभव, सिदिरसाई को लेकर उठे सवाल

सिदिरसाई स्टेशन के पुनर्विकास के साथ ही स्थानीय लोगों के बीच इसके भविष्य को लेकर भी चर्चा शुरू हो गयी है. लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बाद स्टेशन का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होना चाहिए, ताकि सालगाझरी स्टेशन जैसी स्थिति दोबारा न बने. दरअसल, टाटानगर स्टेशन के समीप परसुडीह क्षेत्र स्थित सालगाझरी (सलगाझरी वेस्ट केबिन हॉल्ट) का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करीब 4.5 करोड़ रुपये की लागत से विकास किया गया था. यहां आधुनिक स्टेशन भवन, टिकट काउंटर और प्रतीक्षालय का निर्माण कराया गया, लेकिन बाद में रेलवे ने इसे मुख्य रूप से ऑपरेटिंग केबिन और यार्ड के रूप में उपयोग करने का निर्णय लिया. यह व्यावसायिक यात्री स्टेशन नहीं होने के कारण टाटा-खड़गपुर मेमू सहित कई लोकल ट्रेनों का नियमित ठहराव भी बंद कर दिया गया.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Brajesh kumar singh

Published by: Sweta Vaidya

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >