गालूडीह: गालूडीह निवासी 32 वर्षीय परिमल दत्ता की सड़क दुर्घटना में हुई मौत के बाद शुक्रवार को उनका शव पोस्टमार्टम के बाद एमजीएम से गालूडीह स्थित घर पहुंचते ही पूरे इलाके में मातम छा गया. परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो उठा. मां, पत्नी समेत अन्य स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल था.
दोपहर में परिजनों ने नम आंखों से उनका अंतिम संस्कार किया. मालूम हो कि गुरुवार देर शाम घाटशिला थाना क्षेत्र के फूलडुंगरी डायवर्सन के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर किसी अज्ञात वाहन ने बुलेट बाइक सवार परिमल दत्ता को टक्कर मार दी थी. हादसे में अनुमंडल अस्पताल से टीएमएच अस्पताल जमशेदपुर ले जाने के क्रम में रास्ते में ही मौत हो गयी थी.
शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गालूडीह स्थित उनके आवास पहुंचा तो परिजनों और आस पास के लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. हर किसी की आंखें नम थीं. परिमल दत्ता एक फाइनांस कंपनी में कार्यरत थे और अपने परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य थे. उनके पिता का पहले ही निधन हो चुका है.
परिवार में वृद्ध मां, पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं. उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. आस पास के लोगों ने शोक व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया.
