टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क में जल्द ही नया मेहमान ऑस्ट्रिच (शुतुरमुर्ग) देखने को मिल सकता है. इसके लिए चिड़ियाघर प्रबंधन ने केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण (सीजेडए) को प्रस्ताव भेजा है.
Jamshedpur News :
टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क में जल्द ही नया मेहमान ऑस्ट्रिच (शुतुरमुर्ग) देखने को मिल सकता है. इसके लिए चिड़ियाघर प्रबंधन ने केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण (सीजेडए) को प्रस्ताव भेजा है. मंजूरी मिलने के बाद एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत इसे बिलासपुर चिड़ियाघर से लाया जायेगा. इसके साथ ही ऐसे जानवरों के लिए भी पार्टनर लाने की प्रक्रिया चल रही है, जो वर्तमान में अकेले हैं.चिड़ियाघर के उपनिदेशक डॉ. नईम अख्तर ने बताया कि हिप्पोपोटामस (दरियाई घोड़ा) और उल्लू को छोड़कर अधिकांश जानवर जोड़े या समूह में रह रहे हैं. अकेले रह रहे जानवरों के लिए भी एक्सचेंज प्रोग्राम के माध्यम से उपयुक्त साथी खोजे जा रहे हैं. उनका कहना है कि जोड़े में रहने से जानवरों के व्यवहार, स्वास्थ्य और प्रजनन क्षमता पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है. फिलहाल ऑस्ट्रिच लाने के प्रस्ताव पर सीजेडए की मंजूरी का इंतजार है.
16 वर्षीय शेरनी जोया का निधन
इधर, टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क की अफ्रीकी शेरनी जोया का रविवार देर रात निधन हो गया. करीब 16 वर्ष की जोया उम्रजनित समस्याओं से जूझ रही थी और पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थी. उसकी मौत के बाद चिड़ियाघर में शोक का माहौल है. नियमानुसार वीडियो रिकॉर्डिंग की निगरानी में उसका पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया. जोया लंबे समय से चिड़ियाघर का प्रमुख आकर्षण रही थी.
राजेश कुमार सिंह, 19 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्य कर रहे है. कटिहार जिला के मनिहारी अनुमंडल से प्रिंट के साथ डिजिटल में तीन वर्षों से कार्य कर रहे हैं. राजनीति, समाजिक क्षेत्र में गहरी रूचि रखते हैं.