Jamshedpur News : करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष व क्षत्रिय समाज ने पुलिस को एक सप्ताह का दिया अल्टीमेटम, रखी सात मांग

Jamshedpur News : करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनय सिंह की हत्या के मामले में राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत समेत क्षत्रिय समाज के लोगों ने एसएसपी को लिखित मांग पत्र सौंप कर एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है.

Jamshedpur News :

करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनय सिंह की हत्या के मामले में राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत समेत क्षत्रिय समाज के लोगों ने एसएसपी को लिखित मांग पत्र सौंप कर एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है. डॉ. राज शेखावत ने पत्रकारों को बताया कि हमलोगों ने एक सप्ताह का समय पुलिस को दिया है. एक सप्ताह के बाद जमशेदपुर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जायेगा. जिसमें देश के अलग-अलग हिस्से से करणी सेना के लोग पहुंचेंगे. उन्होंने बताया कि हमलोगों ने सात मांग एसएसपी के समक्ष रखी है. जिसमें विनय सिंह की हत्या की जांच सीबीआइ या एनआइए जैसी निष्पक्ष जांच एजेंसी से करायी जाये. इसके अलावे मृतक विनय सिंह की पत्नी को सरकारी नौकरी या पांच करोड़ रुपये मुआवजा दिया जाये. बच्चों की पढ़ाई-लिखायी का जिम्मा सरकार उठाये. विनय सिंह की परिवार की सुरक्षा के लिये हथियारबंद पुलिसकर्मी की तैनाती की जाये. पुलिस जल्द से जल्द हत्यारे और साजिशकर्ता को गिरफ्तार कर मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में लाकर उन्हें सजा दिलाये.

एसएसपी ने किया आश्वस्त -जल्द गिरफ्तार होंगे हत्यारे

मंगलवार की शाम क्षत्रिय करणी सेना और क्षत्रिय समाज के 15 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी से मुलाकात की. एसएसपी किशोर कौशल ने उन्हें आश्वस्त किया कि अपराधी जल्द गिरफ्तार किये जायेंगे. इस मामले में 10 से 12 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. अबतक की जांच में हत्या का कारण जमीन से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. इसके अलावे भी कई बिंदु पर जांच की जा रही है. एसएसपी ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि वारदात के दिन विनय सिंह ने अपने तीन साथियों से मोबाइल पर बात की थी. इसके अलावा एक वाट्सअप नंबर से भी किसी से बात की थी. उसका पता लगाया जा रहा है.

आपस में उलझे शंभू सिंह और राज शेखावत

विनय सिंह हत्याकांड में पुलिस की कार्रवाई को लेकर क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत और झारखंड क्षत्रिय महासंघ के अध्यक्ष शंभू सिंह के बीच विवाद हो गया. हुआ यूं कि सुवर्णरेखा बर्निंग घाट पर करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत के इंतजार में शव का अंतिम संस्कार रोका गया. राज शेखावत के पहुंचने के बाद अंतिम संस्कार किया गया. अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू होने के बाद क्षत्रिय समाज के लोग एक स्थल पर बैठकर विचार-विमर्श कर आगे की रणनीति तय करने की तैयारी में थे. लेकिन इसी बीच डॉ. राज शेखर ने बैठक करने की बजाय सीधे एसएसपी कार्यालय चलने की बात कही. जिसपर शंभू सिंह व अन्य क्षत्रिय नेता नाराज हो गये. शंभू सिंह ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन राज शेखावत एसएसपी कार्यालय चलने की बात पर अड़े थे. इस कारण दोनों के बीच मतभेद हो गया. फिर राज शेखावत पैदल ही एसएसपी कार्यालय अपने समर्थकों के साथ पहुंचे.

एसएसपी कार्यालय के गेट पर दिया धरना

मंगलवार की शाम करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष राज शेखावत व क्षत्रिय समाज के लोग एसएसपी कार्यालय के समक्ष मेन गेट पर धरना पर बैठ गये थे. वे एसएसपी को धरना स्थल पर बुलाने की मांग कर रहे थे. इस दौरान ट्रैफिक डीएसपी श्रीनिरज और साकची थाना प्रभारी आनंद मिश्रा ने उन्हें समझाने का काफी प्रयास किया. इस दौरान हंगामा की स्थिति उत्पन्न हो गयी थी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RAJESH SINGH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >