बहरागोड़ा: बहरागोड़ा प्रखंड के खंडामौदा पंचायत अंतर्गत मालुआ गांव स्थित नागमाता मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर गुरुवार को एक दिवसीय कलश यात्रा निकाली गयी. श्रद्धालुओं ने मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद कलश उठाया और माता रानी के जयघोष व भक्ति गीतों के बीच रगड़ो नदी तट पहुंचे.
यहां पुरी से आये वैदिक आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां गंगा की पूजा करायी. इसके बाद श्रद्धालुओं ने कलश में पवित्र जल भरकर गाजे-बाजे के साथ मंदिर लौटकर विधि-विधान से कलश स्थापित किया. इसके बाद मंदिर परिसर में हवन, पूर्णाहुति एवं महाभंडारा का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद वितरित किया गया. इस अवसर पर आदित्य प्रधान,कानू महंती, मीता साहू, समीर महंती,खोका सीट, प्रदीप दे, बसंत नायक समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु व ग्रामीण शामिल हुए. पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा.
