गरीबों को घर देने के नाम पर मिला छलावा, पीएम आवास की हालत देख रह जाएंगे हैरान... देखें तस्वीरें

जमशेदपुर के बिरसानगर में पीएम आवास योजना के तहत बने घरों की हकीकत चिंताजनक है. विधायक सरयू राय के निरीक्षण में जलजमाव, गंदगी और बदहाल सड़कों ने सरकारी दावों की पोल खोल दी है. गरीबों के सिर पर छत देने के वादे का सच जानकर आप भी चौंक जाएंगे.

जमशेदपुर: पीएम आवास योजना के तहत बिरसानगर में बनाये गये आवासों की जमीनी स्थिति ने सरकारी दावों पर सवाल खड़े कर दिये हैं. जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने रविवार को बिरसानगर स्थित पीएम आवास परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने परिसर में जलजमाव, गंदगी, जर्जर सड़क, नालियों की कमी और अन्य अव्यवस्थाओं को लेकर नगर विकास विभाग और जुडको को जिम्मेदार ठहराया.

विधायक ने कहा कि पीएम आवास के करीब 50 लाभुकों ने उनसे मिलकर अपनी समस्याएं बतायी थीं. स्थल पर पहुंचने के बाद स्थिति लोगों की बतायी परेशानियों से भी अधिक गंभीर मिली. उन्होंने आरोप लगाया कि नगर विकास विभाग और जुडको ने गरीबों को आवास देने के नाम पर उन्हें नरक में धकेल दिया है.

सड़क जर्जर, जल निकासी की व्यवस्था बदहाल

सरयू राय ने बताया कि ब्लॉक संख्या 32 में करीब 70 और ब्लॉक संख्या 8 में 35 परिवार रहने लगे हैं. लेकिन आवास तक पहुंचने वाली सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है और जगह-जगह गड्ढे हैं. परिसर में जल निकासी की भी पुख्ता व्यवस्था नहीं है. बारिश का पानी भूतल, सीढ़ियों और लिफ्ट शॉफ्ट के आसपास जमा हो रहा है.


उन्होंने कहा कि पूरे परिसर में मुश्किल से 20 प्रतिशत नालियों का ही निर्माण हुआ है. जलजमाव और गंदगी के कारण डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बना हुआ है. इसके अलावा स्ट्रीट लाइट की उचित व्यवस्था नहीं है और नये फ्लैटों की दीवारों में अभी से दरारें आने लगी हैं.

पेयजल टंकी के पास सीवेज टैंक पर सवाल

सरयू राय ने ब्लॉक संख्या 8 में बने पेयजल और सीवेज टैंक की स्थिति पर भी कड़ी आपत्ति जतायी. उन्होंने कहा कि पेयजल टंकी के बिल्कुल करीब सीवेज टैंक बनाया गया है. यदि सीवेज टैंक से रिसाव हुआ, तो पेयजल दूषित हो सकता है और महामारी फैलने का खतरा पैदा हो सकता है.

विधायक ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषी अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की. उन्होंने पीएम आवास परिसर की सुरक्षा के लिए स्थायी टीओपी स्थापित करने की भी मांग की.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By भूमि शर्मा

भूमि शर्मा पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के साथ बतौर कंटेंट राइटर जुड़ी हुई हैं. वर्तमान में वह मुख्य रूप से जमशेदपुर और उसके आसपास के क्षेत्रों की खबरों को कवर करती हैं. इससे पहले वह एजुकेशन बीट और झारखंड बीट पर भी काम कर चुकी हैं, जहां उन्होंने शैक्षणिक बदलावों और राज्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर लेखन किया है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >