जन विकास मंच के अध्यक्ष सौरभ विष्णु के नेतृत्व में मानगो दाईगुट्टू बस्ती के निवासियों के प्रतिनिधिमंडल ने प्रभागीय वन पदाधिकारी (डीएफओ) से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा. प्रतिनिधिमंडल ने वन विभाग द्वारा बस्ती के चारों ओर बाउंड्री वॉल बनाकर एकमात्र बचे निकास मार्ग को बंद किए जाने का विरोध जताया.
संकरी सड़क के कारण पहले से परेशानी
सौरभ विष्णु ने कहा कि मुख्य सड़क काफी संकरी है, जिसके कारण बस्ती में ऑटो का प्रवेश भी मुश्किल है. ऐसे में रास्ता बंद होने पर आपात स्थिति में एंबुलेंस और दमकल वाहनों का पहुंचना संभव नहीं होगा. इससे बस्ती में रहने वाले सैकड़ों परिवारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ जाएगी. उन्होंने बताया कि इस समस्या को लेकर मंच पिछले दो वर्षों से संघर्ष कर रहा है. इससे पहले उपायुक्त और मानगो नगर निगम के समक्ष भी मामला उठाया गया था, जिस पर जांच लंबित है.
बाउंड्री निर्माण रोकने और वैकल्पिक रास्ते की मांग
जन विकास मंच ने वन विभाग से बाउंड्री वॉल का निर्माण तत्काल रोकने की मांग की. साथ ही बस्ती के लिए पर्याप्त चौड़ाई वाला वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध कराने का आग्रह किया, ताकि आपातकालीन वाहन आसानी से आ-जा सकें और किसी भी अनहोनी की स्थिति में समय पर मदद पहुंच सके.
