जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला महिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष नलिनी सिन्हा के विरुद्ध सोशल मीडिया पर अभद्र और अपमानजनक टिप्पणी किये जाने का मामला सामने आया है. इसके विरोध में कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को बिष्टुपुर स्थित साइबर क्राइम थाने में ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की. थाना प्रभारी को सौंपे गये पत्र में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया है कि 10 सितंबर को नलिनी सिन्हा द्वारा फेसबुक पर साझा की गयी पोस्ट पर एक अकाउंट से गाली-गलौज और अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल करते हुए आपत्तिजनक कमेंट किया गया. इससे उनकी सामाजिक छवि और मान-प्रतिष्ठा को गहरी ठेस पहुंची है.
आरोपी की पहचान कर प्राथमिक दर्ज करने की मांग
महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने शिकायत के साथ आपत्तिजनक कमेंट का स्क्रीनशॉट और लिंक संलग्न करते हुए आरोपी की पहचान कर बीएनएस व आइटी एक्ट में प्राथमिक दर्ज करने व पोस्ट को तुरंत हटवाने की मांग की. कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने आरोपी पर अविलंब नकेल नहीं कसी, तो पार्टी सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी. प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश सिंह, आशुतोष सिंह, युवा कांग्रेस अध्यक्ष नवनीत मिश्रा, जिला महासचिव बबलू नौशाद सहित महिला कांग्रेस की कई पदाधिकारी मौजूद थीं.
